UP International Trade Show: ग्रेटर नोएडा में 300 जेन जी और जेन अल्फा के बीच सांस्कृतिक मुकाबला, 28 से अधिक स्कूलों ने दिखाई कला
ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 28 से अधिक स्कूलों के 300 से ज्यादा विद्यार्थियों ने कला, संगीत, नृत्य और पारंपरिक हस्तशिल्प प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
वैश्विक कारोबार, आधुनिक विनिर्माण और बहुराष्ट्रीय निवेश के विशाल मंच 'उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026' (UPITS) में रविवार को भारतीय संस्कृति, लोकपरंपरा और रचनात्मकता का अनूठा समागम देखने को मिला। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आधुनिक तकनीकी उत्पादों और औद्योगिक स्टॉलों के बीच नई पीढ़ी यानी जेन जी (Gen Z) और जेन अल्फा (Gen Alpha) अपनी सांस्कृतिक जड़ों को जीवंत करती नजर आई। ट्रेड शो परिसर में आयोजित विशेष 'कला एवं संस्कृति प्रतियोगिता' में दिल्ली-एनसीआर के 28 से अधिक प्रतिष्ठित विद्यालयों के 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का लोहा मनवाया।
इस अंतर-विद्यालयी सांस्कृतिक उत्सव का सफल संयोजन जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा द्वारा सह-नोडल विद्यालय ग्रैड्स इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा के सहयोग से किया गया। प्रतियोगिता को विद्यार्थियों के आयु वर्ग के अनुसार दो श्रेणियों कक्षा 6 से 8 (जूनियर वर्ग) तथा कक्षा 9 से 12 (सीनियर वर्ग) में विभाजित किया गया था। पूरे दिन चले इस आयोजन में तीन मुख्य विधाओं: प्रस्तुति कला (Performing Arts), दृश्य कला (Visual Arts) और पारंपरिक शिल्प पर आधारित ‘हाथों की विरासत’ (Craft & Heritage) के अंतर्गत रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
सुर-ताल में दिखे भारतीय संस्कृति के रंग
प्रस्तुति कला स्पर्धा के दौरान सभागार भारतीय शास्त्रीय और लोक संगीत के सुरों से गूंज उठा। छात्र-छात्राओं ने समूहगान, एकल गायन और पारंपरिक शास्त्रीय व लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं:
-
कक्षा 6 से 8 वर्ग: एस्टर पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा की छात्रा तोशिता ने अपने भावपूर्ण प्रदर्शन से प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्रीराम मिलेनियम स्कूल, नोएडा की अर्शिया महाजन ने द्वितीय तथा ग्रैड्स इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा की ग्रुप सॉन्ग टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया।
-
कक्षा 9 से 12 वर्ग: सीनियर वर्ग में बेथनी कॉन्वेंट स्कूल की युगल जोड़ी युविका एवं चार्वी ने शानदार तालमेल से प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया। बेथनी कॉन्वेंट स्कूल की ही संस्कृति पाठक तथा ग्रैड्स इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा की अर्पिता संयुक्त रूप से द्वितीय रहीं, जबकि जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा की सांची ने तृतीय स्थान अर्जित किया।
कैनवास पर उतरी समृद्ध भारतीय विरासत
दृश्य कला (पेंटिंग और रेखाचित्र) प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और तूलिका के रंगों से भारत के ऐतिहासिक स्मारकों, ग्रामीण जनजीवन और सांस्कृतिक प्रतीकों को कैनवास पर साकार किया।
जूनियर वर्ग (कक्षा 6-8) में स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा वर्णिका त्यागी ने अपनी रचनात्मकता के दम पर प्रथम पुरस्कार जीता। ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल की अंशी मौर्य द्वितीय और जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा की कृतिका सिंह तीसरे स्थान पर रहीं। सीनियर वर्ग (कक्षा 9-12) के कड़े मुकाबले में स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल की अंशिका शर्मा ने अपनी उत्कृष्ट पेंटिंग से पहला स्थान हासिल किया। वहीं ग्रैड्स इंटरनेशनल स्कूल की तान्या चौहान दूसरे और रयान इंटरनेशनल स्कूल की चार्वी बघेल तीसरे स्थान पर रहीं।
'हाथों की विरासत': पारंपरिक शिल्प को दिया नया आकार
प्रतियोगिता का सबसे अनूठा और आकर्षक हिस्सा ‘हाथों की विरासत’ श्रेणी रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने विलुप्त होती पारंपरिक भारतीय दस्तकारी, मिट्टी के बर्तन, क्ले मॉडलिंग, लोक आकृतियों और पर्यावरण-अनुकूल शिल्पों को अपने हाथों से आकार दिया।
-
कक्षा 6 से 8 वर्ग: स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा की सानवी सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल के लोविश भाटी ने द्वितीय और जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा की श्रद्धा ने तृतीय स्थान पाया।
-
कक्षा 9 से 12 वर्ग: सीनियर वर्ग में जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा के नवदीप तोमर एवं अनिका की जोड़ी ने अपने नवाचारी शिल्प के साथ पहला स्थान हासिल किया। ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल के सार्थक दूसरे स्थान पर रहे, जबकि स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल की सानवी सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। मेजबान जेपी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने विभिन्न श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार अपने नाम किए।
प्रख्यात शिक्षाविदों के निर्णायक मंडल ने परखी प्रतिभा
आयोजन की रूपरेखा जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा की प्रधानाचार्या मीता भंडूला और ग्रैड्स इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा की प्रधानाचार्या अदिति बसु के संयुक्त मार्गदर्शन में तैयार की गई थी। कार्यक्रम का संचालन और प्रशासनिक समन्वय जेपी पब्लिक स्कूल की हेडमिस्ट्रेस रितु भटनागर और ग्रैड्स इंटरनेशनल स्कूल की सुशीला द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए शिक्षा और कला जगत के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों का एक स्वतंत्र निर्णायक मंडल गठित किया गया था। इसमें पी.टी. डी.यू. मॉडल इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. बिनिता, राजकीय उच्च विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रजनी पिलानी, केंद्रीय विद्यालय दिल्ली के प्रसिद्ध कला विशेषज्ञ आर.पी. पॉल और डीजेआईसी होशियारपुर की विशेषज्ञ गीतांजलि शामिल रहीं। निर्णायकों ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत मौलिक विचारों, रंगों के संयोजन, लयबद्धता और भारतीय धरोहर के प्रति उनकी गहरी समझ की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि व्यापार मेले जैसे व्यावसायिक मंच पर ऐसी सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों को आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों से जोड़े रखने का बेहतरीन माध्यम हैं।
What's Your Reaction?