धनतेरस पर यूपी की सभी मंडियों में मनेगा दीपोत्सव: 'स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी' अभियान के तहत किसान और व्यापारी होंगे सम्मानित

उत्तर प्रदेश की सभी मंडियों में धनतेरस पर दीपोत्सव का आयोजन होगा। 'स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी' अभियान के तहत किसानों और व्यापारियों को सम्मानित किया जाएगा।

By INA News Desk
Oct 31, 2026 - 10:44
8 Views
धनतेरस पर यूपी की सभी मंडियों में मनेगा दीपोत्सव: 'स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी' अभियान के तहत किसान और व्यापारी होंगे सम्मानित
Advertisement
Advertisement

उत्तर प्रदेश में कृषि उपज मंडियों को केवल खरीद-बिक्री के स्थल तक सीमित न रखकर उन्हें स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सकारात्मक कार्यसंस्कृति के केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में विशेष पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के किसान कल्याण और स्वच्छता के विजन के अनुरूप राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद द्वारा संचालित ‘स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी अभियान’ के तहत आगामी धनतेरस के पावन अवसर पर प्रदेश की समस्त मंडी समितियों में व्यापक स्तर पर दीपोत्सव मनाया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से मंडियों में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ किसान-व्यापारी समन्वय को नई मजबूती प्रदान की जाएगी।

मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह द्वारा प्रदेश की सभी मंडी समितियों को जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, दीपोत्सव कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रगतिशील किसानों, आढ़तियों, व्यापारियों और मंडी कर्मियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसका मूल उद्देश्य स्वच्छता को किसी एक दिन के औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखकर उसे सालभर चलने वाली नियमित कार्यसंस्कृति के रूप में विकसित करना है।

कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा। मंडी परिषद द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कृषक कल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को आमंत्रित जनप्रतिनिधियों के हाथों सीधे सहायता राशि के चेक अथवा प्रारूप चेक वितरित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, मंडी परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले किसानों और स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, किसानों को समय पर पारदर्शी भुगतान करने वाले और मंडी अनुशासन का पालन करने वाले ईमानदार व्यापारियों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।

आयोजन की भव्यता और तैयारियों को सुनिश्चित करने के लिए शासन स्तर से वित्तीय स्वीकृति भी जारी कर दी गई है। इसके अंतर्गत प्रदेश की प्रत्येक 'क' विशिष्ट एवं 'क' श्रेणी की मंडी समिति को 20-20 हजार रुपये तथा अन्य सभी श्रेणियों की मंडियों को 10-10 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस धनराशि से मंडियों में दीप प्रज्ज्वलन, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता जागरूकता गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।

कार्यक्रम के पारदर्शी और व्यवस्थित संचालन के लिए संबंधित संभागों के संभागीय उप निदेशक (प्रशासन/विपणन) को नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जबकि निर्माण विंग के उप निदेशक आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराएंगे। सभी मंडी समितियों को दीपोत्सव, स्वच्छता अभियान और सम्मानित किए गए किसानों व व्यापारियों का संपूर्ण विवरण अनिवार्य रूप से मंडी परिषद मुख्यालय को प्रेषित करने के निर्देश दिए गए हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement