यूपी की जेलों में तैनात सुरक्षा कर्मियों को मिलेगी इंसास राइफल: योगी सरकार 14 करोड़ से खरीदेगी आधुनिक हथियार और कारतूस

उत्तर प्रदेश की जेलों की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए योगी सरकार 14 करोड़ रुपये खर्च कर 676 इंसास राइफल और 58 हजार से अधिक कारतूस खरीदेगी।

By INA News Desk
Nov 2, 2026 - 21:44
8 Views
यूपी की जेलों में तैनात सुरक्षा कर्मियों को मिलेगी इंसास राइफल: योगी सरकार 14 करोड़ से खरीदेगी आधुनिक हथियार और कारतूस
प्रतीकात्मक चित्र
Advertisement
Advertisement

उत्तर प्रदेश की कारागारों में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने और सुरक्षा कर्मियों की कार्यक्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से हथियारों के आधुनिकीकरण की योजना तैयार की गई है। कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं विभाग प्रदेश की जेलों में तैनात वार्डरों व सुरक्षा कर्मियों को आधुनिक हथियारों से लैस करने के लिए 676 अत्याधुनिक इंसास राइफलों की खरीद करने जा रहा है। इसके अतिरिक्त सघन प्रशिक्षण और अन्य आवश्यक अभियानों के लिए लगभग 58,795 कारतूस भी खरीदे जाएंगे। पूरी खरीद प्रक्रिया पर लगभग 14 करोड़ रुपये का व्यय प्रस्तावित है, जिसका प्रस्ताव शासन को स्वीकृति के लिए प्रेषित कर दिया गया है।

कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं के महानिदेशक पीसी मीना के अनुसार, जेलों की आंतरिक व बाह्य सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी और संसाधन के स्तर पर उन्नत बनाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस योजना के अंतर्गत 5.56 एमएम की एसएलआर इंसास राइफलों और कारतूसों की यह खरीद उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के माध्यम से संपन्न कराई जाएगी। तैयार किए गए वित्तीय प्रस्ताव के अनुसार, 676 राइफलों पर लगभग साढ़े 13 करोड़ रुपये तथा आवश्यक कारतूसों पर लगभग 30 लाख रुपये की धनराशि व्यय की जाएगी।

इस योजना का एक महत्वपूर्ण पहलू हथियारों के सुरक्षित और प्रभावी संचालन के लिए सुरक्षा कर्मियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण है। बड़ी संख्या में खरीदे जाने वाले कारतूसों का एक बड़ा हिस्सा कारागार वार्डरों और संबंधित सुरक्षा अधिकारियों के फायरिंग अभ्यास और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के प्रशिक्षण में उपयोग किया जाएगा। इससे सुरक्षा बल किसी भी अप्रत्याशित चुनौती, उपद्रव या आपात स्थिति में त्वरित और नियंत्रित कार्रवाई करने में सक्षम हो सकेंगे।

कारागार विभाग की सुरक्षा को आधुनिक रूप देने का यह सिलसिला निरंतर जारी है। इससे पूर्व के दो वर्षों में भी 254 इंसास राइफलें और लगभग 44,875 कारतूस खरीदे जा चुके हैं। आधुनिक शस्त्रागार और निरंतर प्रशिक्षण के माध्यम से प्रदेश की जेलों में सुरक्षा ढांचे को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement