यूपी के सभी 18 मंडलों में शुरू होगा 'Blue DotsAI', डिजिटल मैप पर दिखेंगी नौकरियां और हुनरमंद युवा

यूपी कौशल विकास मिशन और एक स्टेप फाउंडेशन के बीच एमओयू। 'Blue DotsAI' से 18 मंडलों में डिजिटल मैप और एआई वॉइस बॉट के जरिए युवाओं को मिलेगा स्थानीय रोजगार।

By INA News Desk
Oct 22, 2026 - 23:55
6 Views
यूपी के सभी 18 मंडलों में शुरू होगा 'Blue DotsAI', डिजिटल मैप पर दिखेंगी नौकरियां और हुनरमंद युवा
Advertisement
Advertisement

प्रदेश के युवाओं की कार्यकुशलता को स्थानीय रोजगार के अवसरों से जोड़ने और उद्योगों की मानव संसाधन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए योगी सरकार ने बड़ा तकनीकी कदम उठाया है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (यूपीएसडीएम) अब अपने अभिनव 'Blue DotsAI' प्लेटफॉर्म का विस्तार राज्य के सभी 18 प्रशासनिक मंडलों में करने जा रहा है। इस डिजिटल व्यवस्था के जरिए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध रिक्तियों और प्रशिक्षित युवाओं को एक साझा डिजिटल मंच पर लाया जाएगा, जिससे योग्य उम्मीदवारों को घर के निकट रोजगार और कंपनियों को मनचाहा हुनर सुलभ हो सकेगा।

मिशन निदेशक पुलकित खरे के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और 'एक स्टेप फाउंडेशन' के मध्य एक औपचारिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित किया गया। इसके साथ ही पूर्व में संचालित इस प्रायोगिक पहल को आधिकारिक रूप से वृहद स्तर पर लागू करने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। गाजियाबाद में संचालित पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद यह निर्णय लिया गया है, जहां 20 से 25 किलोमीटर की परिधि में 25 हजार से अधिक रोजगार अवसरों को सफलतापूर्वक मैप पर प्रदर्शित किया गया था।

'Blue DotsAI' एक आधुनिक डिजिटल डिस्कवरी प्लेटफॉर्म के रूप में काम करता है, जहां जीपीएस आधारित डिजिटल मैप पर आसपास की रिक्तियों और अभ्यर्थियों का विवरण उपलब्ध रहता है। इस मंच के माध्यम से युवा संबंधित औद्योगिक इकाई, उपलब्ध रिक्त पदों, शुरुआती वेतनमान, कार्य के घंटे, ओवरटाइम तथा पिक-एंड-ड्रॉप जैसी परिवहन सुविधाओं की पारदर्शी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। वहीं कंपनियां भी अपनी तकनीकी जरूरतों के मुताबिक स्थानीय युवाओं के प्रोफाइल की पड़ताल कर सकती हैं। इसमें एमएसएमई, विनिर्माण, परिधान, खाद्य प्रसंस्करण और रिटेल क्षेत्र के साथ-साथ इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर और मशीन ऑपरेटर जैसे तकनीकी पदों को प्राथमिकता दी जाएगी।

इस प्लेटफॉर्म की सबसे विशिष्ट तकनीक इसका बहुभाषी 'एआई आधारित वॉइस बॉट' है। इसके माध्यम से छोटे उद्यमी और औद्योगिक संगठन हिंदी, अंग्रेजी अथवा क्षेत्रीय बोलियों में बोलकर अपनी रिक्तियों का विवरण दर्ज करा सकेंगे। दूसरी ओर, यह वॉयस बॉट पंजीकृत उम्मीदवारों से उनकी सुविधानुसार संवाद कर उपयुक्त नौकरियों की जानकारी देगा और सहमति मिलने पर आवेदन प्रक्रिया को पूरा कराएगा। इसके अतिरिक्त युवाओं को नौकरी के लिए मानसिक व तकनीकी रूप से तैयार करने हेतु करियर काउंसलिंग, मॉक इंटरव्यू और औद्योगिक संगठनों के साथ संवाद सत्रों का भी आयोजन किया जाएगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement