UP News: दिव्यांगजन रोजगार अभियान 3.0 में 1559 दिव्यांग युवाओं को मिली नौकरी और स्वरोजगार की सौगात
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के दिव्यांगजन रोजगार अभियान के तहत 1559 दिव्यांगों को रोजगार और स्वरोजगार मिला। 149 चयन के साथ कानपुर नगर पहले स्थान पर रहा।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तत्वावधान में चलाए गए विशेष अभियान के जरिए प्रदेश के सभी 75 जिलों में 1,559 दिव्यांगजनों को आजीविका के मजबूत साधन उपलब्ध कराए गए हैं। मिशन निदेशक पुलकित खरे के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के तहत आयोजित रोजगार मेलों, प्लेसमेंट कैंप और स्वरोजगार से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से 1,021 दिव्यांगजनों को निजी कंपनियों में नौकरियां मिली हैं, जबकि 538 दिव्यांगजनों को खुद का उद्यम शुरू करने के लिए वित्तीय और तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया है।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने इस पहल को दिव्यांग युवाओं के सशक्तीकरण और सम्मानजनक जीवन की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के माध्यम से दिव्यांगों को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है ताकि वे दूसरों को भी रोजगार देने में सक्षम बन सकें। इस योजना के तहत लाभार्थियों को मोबाइल मरम्मत, बिजली उपकरण सुधार, सिलाई-कढ़ाई, ग्राहक सेवा केंद्र, डेयरी तथा पशुपालन जैसे व्यवसायों के लिए ऋण और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य सेवा, वित्त, बीमा, दूरसंचार और खुदरा व्यापार जैसे क्षेत्रों से जुड़ी कंपनियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर मौके पर ही नियुक्ति पत्र जारी किए। चयनित अभ्यर्थियों को डाटा एंट्री ऑपरेटर, ग्राहक सेवा प्रतिनिधि, स्वास्थ्य सहायक, मशीन ऑपरेटर और तकनीकी सहायक जैसे पदों पर 10,000 से 18,000 रुपये तक के मासिक वेतन पर अवसर दिए गए हैं।
जिलों के प्रदर्शन में कानपुर नगर 149 दिव्यांगजनों के चयन के साथ सबसे आगे रहा। इसके बाद आजमगढ़ में 77, अमरोहा में 69, बरेली में 63 और सुलतानपुर में 56 दिव्यांगजनों को रोजगार व स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा गया। संपर्क से छूटे दिव्यांगजनों तक पहुंचने के लिए विभागीय टीमों ने उनके घरों का दौरा कर व्यक्तिगत मार्गदर्शन दिया। मिशन प्रशासन पूर्व के अभियानों में लाभान्वित हुए दो हजार से अधिक दिव्यांगों की प्रगति पर भी निरंतर नजर रख रहा है।
What's Your Reaction?







