यूपी विधान परिषद चुनाव कवरेज के लिए मीडिया प्राधिकार पत्र होंगे जारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मांगे विवरण
यूपी विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव 2026 की कवरेज के लिए मीडिया प्रतिनिधियों को प्राधिकार पत्र जारी किए जाएंगे। फोटो व मान्यता कार्ड जमा करने के निर्देश।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के साथ-साथ सुगम सूचना प्रसारण के लिए निर्वाचन आयोग ने मीडिया कवरेज की व्यवस्था तय कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जानकारी दी है कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त मीडिया प्रतिनिधियों को निर्वाचन प्रक्रिया की रिपोर्टिंग के लिए आधिकारिक मीडिया प्राधिकार पत्र प्रदान किए जाएंगे। यह प्राधिकार पत्र मतदान और मतगणना दोनों महत्वपूर्ण चरणों के लिए अलग-अलग जारी किए जाएंगे।
आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मीडिया प्राधिकार पत्र प्राप्त करने के इच्छुक सभी राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त पत्रकारों, छायाकारों और तकनीकी प्रतिनिधियों को अपने दो नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो तथा राज्य स्तरीय मान्यता कार्ड की स्पष्ट छायाप्रति जमा करानी होगी। यह अभिलेख मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुभाग 6, पंचम तल, विकास भवन सचिवालय, जनपथ मार्केट, हजरतगंज, लखनऊ में अविलंब उपलब्ध कराने को कहा गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक प्रपत्र समय से प्राप्त होने पर ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार प्राधिकार पत्र जारी करने की विधिक व प्रशासनिक प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी की जा सकेगी। उन्होंने सभी पात्र मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अंतिम समय की भीड़ और व्यवधान से बचने के लिए निर्धारित पते पर अपने विवरण शीघ्रता से उपलब्ध कराएं, जिससे मतदान और मतगणना के दिवसों पर कवरेज कार्य बिना किसी अवरोध के सुचारू रूप से संचालित हो सके।
What's Your Reaction?



