Varanasi : उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी कार्यकर्ताओं को सर्वोपरि बताते हुए भावुक हुए
अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने 1989 में उन्हें सभासद, 1990 में डिप्टी मेयर बनाया, नौ बार लोकसभा प्रत्याशी बनाया और केंद्र सरकार में
वाराणसी में उत्तर प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने काशी क्षेत्र के 16 जिलों के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता उनके लिए सबसे ऊपर हैं और संगठन ही उनकी असली पहचान है। रोहनिया के जगतपुर स्थित गोकुल धाम रिसॉर्ट में हुई इस बड़ी बैठक में उन्होंने कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बावजूद कार्यकर्ताओं द्वारा यात्रा मार्ग पर जगह-जगह किया गया स्वागत देखकर भावुक होने की बात कही। पंकज चौधरी ने बताया कि वाराणसी पहुंचने में हुई देरी का कारण यह था कि वे हर कार्यकर्ता का अभिवादन स्वीकार करना चाहते थे, जो सड़कों पर घंटों खड़े होकर उनका इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के प्रेम, स्नेह और सम्मान के लिए शब्दों की कमी होने की बात कही।
अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने 1989 में उन्हें सभासद, 1990 में डिप्टी मेयर बनाया, नौ बार लोकसभा प्रत्याशी बनाया और केंद्र सरकार में दो बार वित्त राज्यमंत्री का अवसर दिया। आज प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना संगठन और कार्यकर्ताओं के भरोसे का नतीजा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्यकर्ता ही भाजपा की ताकत हैं और संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करना सबका दायित्व है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश का मजबूत और समृद्ध होना जरूरी है। इसके लिए 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 2017 से भी बड़ी जीत दिलानी होगी। पंकज चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की तारीफ की और कहा कि योगी सरकार ने बीमारू कहे जाने वाले उत्तर प्रदेश को नई पहचान दी है। एक समय था जब भारत की बात कोई नहीं सुनता था, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया भारत की आवाज को गंभीरता से सुनती है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प को मोदी सरकार जमीन पर उतार रही है।
कार्यकर्ताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि संगठन के काम पूरे करने वाला ही आगे बढ़ता है। पार्टी जो दायित्व सौंपे, उसे निष्ठा और ईमानदारी से निभाना सच्ची संगठन निष्ठा है। उन्होंने सभी से एकजुट होकर मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण अभियान में जुटने का आह्वान किया।
बैठक की शुरुआत में जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह ने पंकज चौधरी को त्रिशूल भेंट कर स्वागत किया। वंदे मातरम गान के बाद कार्यक्रम शुरू हुआ। क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बैठक की अध्यक्षता की और अशोक चौरसिया ने संचालन किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, राज्यसभा सदस्य अमरपाल मौर्य, प्रदेश महामंत्री संजय राय, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी, अनिल राजभर, सांसद सीमा द्विवेदी, साधना सिंह, प्रदेश मंत्री शंकर गिरी, अनामिका चौधरी, मीना चौबे, मनीष कपूर, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, संतोष पटेल, राकेश शर्मा, राजेश राजभर, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी और अन्य पदाधिकारी तथा हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?











