Varanasi : 24 लाख का गृहकर बकाया होने पर वाराणसी नगर निगम ने भवन किया कुर्क, नीलामी की चेतावनी
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहर के सभी भवन स्वामियों से अपील की है कि वे मार्च के अंत तक अपने सभी बकाया करों का भुगतान कर दें। वर्तमान में जलकर पर ब्याज माफी की सुविधा मिल रही है, जिसकी अव
वाराणसी नगर निगम ने संपत्ति कर के बड़े बकाएदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कोतवाली जोन के आदि विश्वेश्वर (कुंडी नगर टोला) स्थित एक बड़े भवन को कुर्क कर लिया है। भवन संख्या सी.के. 39/24-25 पर कुल 24,16,237 रुपये का गृहकर बकाया था, जिसमें से बार-बार नोटिस देने के बाद भी भवन स्वामी ने केवल 3,90,000 रुपये ही जमा किए। बकाया राशि का भुगतान न करने और भवन स्वामी के अड़ियल रवैये को देखते हुए निगम ने कुर्की की कार्रवाई की है। अब अगले पांच दिनों के भीतर शेष 20,26,237 रुपये जमा न करने पर नगर निगम अधिनियम की धाराओं के तहत इस संपत्ति की सार्वजनिक नीलामी की जाएगी। कुर्की के दौरान इस भवन को बेचने, गिरवी रखने या किसी भी प्रकार का अनुबंध करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहर के सभी भवन स्वामियों से अपील की है कि वे मार्च के अंत तक अपने सभी बकाया करों का भुगतान कर दें। वर्तमान में जलकर पर ब्याज माफी की सुविधा मिल रही है, जिसकी अवधि समाप्त होने में अब केवल पांच दिन शेष हैं। इसके बाद बकाया वसूलने के लिए सरचार्ज और भारी जुर्माना लगाया जाएगा। नगर निगम ने लोगों की सुविधा के लिए सभी जोनल कार्यालयों के टैक्स काउंटरों को शाम 7:00 बजे तक खोलने का निर्णय लिया है। नागरिक घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से या कार्यालय जाकर अपने करों का भुगतान कर भारी दंड से बच सकते हैं। दुकानों के किराए और लाइसेंस शुल्क में देरी होने पर निगम ने 50 प्रतिशत तक विलंब शुल्क लगाने का कड़ा फैसला भी लिया है।
Also Click : Hardoi : शाहाबाद क्षेत्राधिकारी कार्यालय का कायाकल्प, पुलिस अधीक्षक ने किया उद्घाटन
What's Your Reaction?









