Ballia: बाढ़ पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ी है सरकार, राहत सामग्री वितरण में धांधली पर होगी सख्त कार्रवाई: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलिया का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया; "भृगु बाबा के नाम पर मेडिकल कॉलेज और कॉरिडोर निर्माण का ऐलान
Riport- Syed Asif Hussain zaidi
बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बांसडीह तहसील के ग्राम गलाफरपुर में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। राहत सामग्री वितरण में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिले के बांसडीह, बैरिया और बलिया सदर में बाढ़ व कटान की गंभीर स्थिति का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हर पीड़ित तक सहायता पहुंचाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 26 जनपदों के करीब 1.71 लाख प्रभावित लोगों की जान बचाना सरकार की पहली प्राथमिकता है। राहत कार्यों के लिए 447 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। तटबंधों को मजबूत कर बाढ़ का स्थायी समाधान निकाला जाएगा। बलिया की धरती को नमन करते हुए उन्होंने भृगु बाबा के नाम पर मेडिकल कॉलेज और भृगु मंदिर कॉरिडोर निर्माण की घोषणा की। साथ ही, 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए जल्द निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा शुरू करने की बात कही।
- क्या-क्या शामिल है बाढ़ राहत किट में?
बाढ़ पीड़ितों को वितरित किट में 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, 10 किलो आलू, 2 किलो भुना चना, 2 किलो चना, ढाई किलो लाई, 1 किलो चीनी और 1 किलो खाद्य तेल दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त छतरी, बाल्टी, मग, माचिस, तौलिया, साबुन, अगरबत्ती और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए ओआरएस पाउडर की दवाएं शामिल की गई हैं।
इन्सेट 2: स्वास्थ्य सेवाओं और पुनर्वास पर विशेष जोर, बाढ़ पीड़ितों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार प्रयासरत हैं, ताकि संक्रमण से बचाव हो सके। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि प्रभावितों को पुनर्वास के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र 'दयालु', मंत्री दानिश आजाद अंसारी, विधायक केतकी सिंह, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर सहित अनेक जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
Also Read- 'सपा ने P का मतलब पिछड़ा से पंडित किया', मायावती का बड़ा आरोप, अखिलेश यादव की राजनीति को बताया छलावा
What's Your Reaction?







