Hardoi: पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी, हरदोई के 6,11,439 किसानों के खातों में भेजे गए 122.288 करोड़ रुपये।
भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 22वीं किस्त शुक्रवार को किसानों के खातों में ऑनलाइन स्थानांतरित
हरदोई: भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 22वीं किस्त शुक्रवार को किसानों के खातों में ऑनलाइन स्थानांतरित की गई। प्रधानमंत्री द्वारा असम के गुवाहाटी से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसका सजीव प्रसारण जनपद हरदोई के समस्त ग्राम पंचायतों, विकास खंडों, साधन सहकारी समितियों, मंडी स्थलों, समस्त कृषक उत्पादक संगठनों के कार्यालयों तथा कृषि विभाग के कार्यालयों में किया गया।
जनपद स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन कृषि भवन के सभागार में किया गया, जबकि विकास खंड, हरदोई पर भी कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आबकारी एवं मद्य निषेध नितिन अग्रवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, मुख्य विकास अधिकारी तथा हरदोई के विधायक भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक खेती एवं अन्य फसलों की प्राकृतिक खेती करने के लिए प्रेरित किया गया तथा प्रत्येक खेत में फार्म रजिस्ट्री कराने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा बताया गया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त के अंतर्गत जनपद के 6,11,439 किसानों को 122.288 करोड़ रुपये प्रधानमंत्री द्वारा किसानों के आधार से लिंक बैंक खातों में भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि इस धनराशि से किसानों को बीज, उर्वरक एवं अन्य कृषि निवेश करने में मदद मिलती है, जिससे खेती में लागत कम होती है और किसानों की आय में वृद्धि होती है।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि जनपद में 197 साधन सहकारी समितियां कार्यशील हैं, जिनके माध्यम से किसानों को उचित दर पर बीज, उर्वरक एवं अन्य कृषि निवेश उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कृषि विभाग द्वारा किसानों को फार्म रजिस्ट्री कराने तथा योजनाओं से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर निःशुल्क बीज मिनीकिट योजना के अंतर्गत चयनित 40 किसानों को मूंगफली, मूंग एवं उड़द के बीज मिनीकिट वितरित किए गए। इसी प्रकार जनपद के समस्त विकास खंडों में भी किसानों को इन फसलों के बीज मिनीकिट वितरित किए गए।
कार्यक्रम में कृषि रक्षा अधिकारी इन्द्रजीत यादव, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी विनीत कुमार, कृषि वैज्ञानिक एस.के. तिवारी, कृषि विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे। अधिकारियों ने किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित मात्रा में उर्वरकों के प्रयोग की जानकारी भी दी।
उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी विनीत कुमार ने किसानों को संबोधित करते हुए पीएम-कुसुम योजना, फार्म रजिस्ट्री तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फार्म रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सकेगा और बिजली व डीजल की लागत में भी कमी आएगी। साथ ही किसानों को फार्म रजिस्ट्री कराने और योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
Also Read- Hardoi: सुरसा ब्लॉक परिसर में होली मिलन समारोह, मंत्री नितिन अग्रवाल ने दिया भाईचारे का संदेश।
What's Your Reaction?











