कानपुर न्यूज़: विभाजन की प्रदर्शनी देख रो पड़े विधायक मैथानी, कालेज में बच्चों ने विभाजन विभीषिका पर लगाई प्रदर्शनी । 

By INA News Desk
Aug 14, 2024 - 18:57
39 Views
कानपुर न्यूज़: विभाजन की प्रदर्शनी देख रो पड़े विधायक मैथानी, कालेज में बच्चों ने विभाजन विभीषिका पर लगाई प्रदर्शनी । 

  • गोविंदनगर के ऋषि मुनि इंटर कालेज में बच्चों ने विभाजन विभीषिका पर लगाई प्रदर्शनी, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री ने भी देखीं तस्वीरें, विधायक को भावुक देख नम हुईं सभी की आंखें 

कानपुर। पूरा देश 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाता है। इस मौके पर गोविंदनगर के ऋषि मुनि इंटर कालेज में बुधवार को बच्चों ने देश के विभाजन की विभीषिका पर प्रदर्शनी लगाई। इसमें दर्शाए गए मार्मिक चित्रों को देखकर गोविंदनगर विधायक सुरेंद्र मैथानी की आंखे छलछला उठीं। इतना भावुक हुए कि देश के विभाजन के दौरान जान गंवाने वालों का जिक्र करते हुए रो पड़े। उनकी यह दशा देख सभागार में मौजूद सभी लोगों की आंखें भी नम हो गईं। 

विधायक मैथानी बुधवार को भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल व प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान के साथ विद्यालय में बच्चों की प्रदर्शनी देखने पहुंचे। विधायक मैथानी ने कहा कि आज हम विभीषिका की तस्वीरों मात्र से विचलित हो उठते हैं तो उस समय यह दर्द झेलने वालों की क्या हालत रही होगी, इसकी कल्पना से ही शरीर में झुरझरी दौड़ जाती है और हृदय कांप उठता है। जान गंवाने वाले देश के लोगों की उस हालत का अंदाजा इन तस्वीरों से लगाया जा सकता है। वे देर तक एक-एक तस्वीर का बारीकी से अवलोकन करते रहे।  

इसे भी पढ़ें:- बलिया न्यूज़। भाजपा विधायक समेत तीन लोगों की हत्या का 10 रुपये की नोट के साथ धमकी, 2024 में तीनों खत्म,जांच में जुटी पुलिस।

श्री मैथानी ने कहा कि 1947 में मिली आजादी के एक दिन पहले देश ने विभाजन की त्रासदी झेली थी। आज का दिन उन लोगों को नमन करने का भी दिन है। देशवासी आज जिस खुली हवा में स्वतंत्रता की सांस ले रहे हैं, उसमें सेना और बलिदानियों का महत्वपूर्ण योगदान है। शहीदों के इस बलिदान को पूरा देश चौदह अगस्त को स्मृति दिवस के रूप में मनाकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करता है। 

प्रकाश पाल ने कहा कि देश ने आजादी की भारी कीमत चुकायी है। देशवासी इस बहुमूल्य आजादी का सम्मान करें। सरहदों पर जवान दिन-रात मुस्तैदी से डटे रहते हैं। उसके बाद ही पूरा देश चैन से सोता है। इन तस्वीर से इस बात का पता चलता है कि कुछ भी आसानी से प्राप्त नहीं हुआ है। इसके लिए देश के सपूतों को कुर्बानी देनी पड़ी है। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समाजसेवी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow