एक्सीडेंट- लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, 5 की मौत
बांगरमऊ-उन्नाव।
गुरुवार को उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर हुए एक दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। जिनमें से 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि 3 घायलों में से इलाज के दौरान 2 लोगों की मौत हो गई। कार में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। जिसका उन्नाव जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्नाव जिले के बांगरमऊ थाना इलाके में हुए इस हादसे का कारण कार से ड्राइवर का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें - यूपी को 2000 करोड़ के कार्बन क्रेडिट की सौगात, 25000 किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
यह वीभत्स घटना गुरुवार को शाम लगभग साढ़े पांच बजे हुई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर किलोमीटर संख्या 235 के नजदीक स्कार्पियो कार एक बड़े हादसे का शिकार हो गई। खबर लिखे जाने तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। यह कार दिल्ली से फैजाबाद जा रही थी। इसी दौरान उन्नाव जिले के बांगरमऊ इलाके में कार के अनियंत्रित होने के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे की सूचना मिलने पर थाना बांगरमऊ पुलिस मौके पर पहुंची और कार सवार 3 घायलों को सीएचसी बांगरमऊ में भर्ती कराया गया। हालांकि 3 घायलों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इलाज के दौरान 2 अन्य लोगों ने दम तोड़ दिया और हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 5 हो गई है। मौके पर क्षेत्राधिकारी बांगरमऊ और थाना बांगरमऊ पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य किया। हादसे की वजह कार से ड्राइवर का नियंत्रण खोना बताई जा रही है। इस हादसे में किसी अन्य वाहन या यात्रियों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। मृतकों की पहचान वैभव पांडेय(35), मनोज सिंह(45) पुत्र समर बहादुर सिंह व अरविंद सिंह(40) पुत्र भगवान सिंह निवासी विलासपुर नया बाजार अयोध्या के रूप में हुई। जबकि अभी 2 अन्य मृतकों और 1 घायल व्यक्ति की पहचान की जा रही है।
What's Your Reaction?









