घड़ियालू आंसू बहा रही बदनसीब कांग्रेस को..... हरियाणा चुनावी दौरे पर गरजे सीएम योगी, बोले- जो राम का नहीं, वो हमारे किसी काम का नहीं।

रोम की संस्कृति में पले-बढ़े बदनसीब 'एक्सीडेंटल हिंदु' इसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। एक्सीडेंटल हिंदु देश और जनता के प्रति कभी ईमानदार नहीं हो सकते।

By INA News Desk
Oct 1, 2024 - 00:28
110 Views
घड़ियालू आंसू बहा रही बदनसीब कांग्रेस को..... हरियाणा चुनावी दौरे पर गरजे सीएम योगी, बोले- जो राम का नहीं, वो हमारे किसी काम का नहीं।
Advertisement
Advertisement

हाईलाइट्स:-:

  • रोम की संस्कृति में पले-बढ़े 'एक्सीडेंटल हिंदू' नहीं बर्दाश्त कर पा रहे राम मंदिरः मुख्यमंत्री 
  • सोमवार को भी हरियाणा के चुनावी दौरे पर रहे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनसभा कर बवानी खेड़ा से कपूर वाल्मीकि,  हांसी से विनोद भयाना, नारनौंद से कैप्टन अभिमन्यु, सफीदों से रामकुमार गौतम व पंचकूला से ज्ञानचंद गुप्ता को जिताने की अपील की
  • रोम की संस्कृति मानने वाले राम की संस्कृति का कर रहे अपमानः सीएम योगी
  • सीएम योगी ने बिना नाम लिए राहुल पर साधा निशाना- जो कहते हैं कि अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन पर नाच गाना चल रहा था, दरअसल उनका खानदान ही जिंदगी भर नाच गाना करता रहा
  • यूपी के दुर्दांत माफिया से थी कांग्रेस की व्यावसायिक पार्टनरशिप थीः मुख्यमंत्री  
  • बोले-रोम व इटली की चर्चा करने वाले कांग्रेसी वहीं जाएं, वे हरियाणा, हांसी व हिसार से वोट क्यों मांगते हैं
  • कांग्रेस ने देश को लूटकर पैसे को कभी स्विस बैंक तो कभी कहीं और पहुंचा दियाः मुख्यमंत्री 
  • कांग्रेस कहती है कि राम-कृष्ण के लिए भूमि नहीं होनी चाहिए, भूमि केवल वक्फ बोर्ड के लिए होनी चाहिएः मुख्यमंत्री 

Bhiwani Hisar Narnaund Panchkula Haryana News INA.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को भी कांग्रेस को खूब लताड़ा। बोले कि 500 वर्ष का इंतजार समाप्त हुआ और 22 जनवरी 2024 को पीएम मोदी के करकमलों से भगवान श्रीरामलला अयोध्या धाम में विराजमान हो गए। देश व दुनिया आनंदित है, लेकिन घड़ियालू आंसू बहा रही बदनसीब कांग्रेस को इससे भी नफरत है। यही अंतर राम की संस्कृति व रोम की संस्कृति में है। राम की संस्कृति में पला-बढ़ा व्यक्ति प्रभु श्रीराम की मर्यादा का पालन करते हुए 500 वर्ष तक निरंतर लड़ता रहा। प्रभु राम अयोध्या धाम में विराजमान हो गए, लेकिन रोम की संस्कृति में पले-बढ़े बदनसीब 'एक्सीडेंटल हिंदु' इसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं।

एक्सीडेंटल हिंदु देश और जनता के प्रति कभी ईमानदार नहीं हो सकते। राम भारत के प्रतीक हैं। जो राम का नहीं, वो हमारे किसी काम का नहीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को हरियाणा में चार जनसभा की। उन्होंने बवानी खेड़ा से कपूर वाल्मीकि, हांसी से विनोद भयाना, नारनौंद से कैप्टन अभिमन्यु, सफीदों से रामकुमार गौतम व पंचकूला से ज्ञानचंद गुप्ता, कालका से शक्तिरानी शर्मा को जिताने की अपील की। 

... दरअसल उनका खानदान ही जिंदगी भर नाचगाना करता रहा 
राहुल गांधी के बयान पर बिफरे सीएम योगी ने कहा कि जो लोग कहते हैं कि अयोध्या राम मंदिर के उद्घाटन पर नाच गाना चल रहा था, दरअसल उनका खानदान ही जिंदगी भर नाचगाना करता रहा। हिंदुओं का अपमान, सनातन संस्कृति को कोसना और भारत के बाहर संवैधानिक संस्थाओं को खड़ा करके कांग्रेसी अपनी योग्यता पर प्रश्नचिह्न लगाते हैं।

1526 में राम मंदिर तोड़कर गुलामी का ढांचा खड़ा कर दिया गया था। मुगल-अंग्रेज नहीं चाहते थे कि हिंदु धर्म-संस्कृति का नामोनिशान रहे, लेकिन आजाद भारत की पहली सरकार जिन बदनसीबों के हाथ लगी, उन्होंने भी भारत को गौरव के साथ खड़ा नहीं होने दिया। 2014 में नरेंद्र मोदी पीएम बने। 2017 में यूपी में भाजपा सरकार बनी। डबल इंजन सरकार जब डबल स्पीड से चलने लगी तो महज दो वर्ष के अंदर पांच सौ वर्ष की समस्या का समाधान हो गया। 140 करोड़ भारतवासी प्रसन्न हैं, लेकिन कांग्रेस को इससे पीड़ा है।  

लोग जानते हैं कि कांग्रेस वाले आएंगे तो गद्दारी करेंगे
सीएम ने बवानी खेड़ा विधानसभा के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि यहां के लोग जानते हैं कि कांग्रेस वाले आएंगे तो देश के साथ गद्दारी करेंगे। विकास के नाम पर केवल अपने घर को भरते रहे। कांग्रेसियों ने गरीब कल्याण का भी कोई कार्य नहीं किया, जबकि हरियाणा में डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में खूब विकास हुआ।

कांग्रेसी कहते थे कि देश के संसाधन पर पहला अधिकार मुसलमान का है, जबकि मोदी जी कहते हैं कि देश के संसाधन पर पहला हक गरीब, कमजोर-वंचित, दलितों, पिछड़ों का है। मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया की बड़ी ताकत बनकर उभर रहा है। एक तरफ भारत में कोरोना से अब तक 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दिया जा रहा है तो दूसरी तरफ पाकिस्तान कटोरा लेकर दुनिया में भीख मांग रहा है। 

कांग्रेस ने स्विस बैंक में पहुंचा दिया पैसा  
सीएम योगी ने कहा कि मोदी जी देश को बना रहे हैं तो दूसरी तरफ 60-65 वर्ष तक शासन करने वाली कांग्रेस को जब भी अवसर मिला तो उन्होंने देश को लूटकर पैसे को कभी स्विस बैंक पहुंचा दिया तो कभी दुनिया में कहीं और पहुंचा दिया।

कोरोना में भाजपा का कार्यकर्ता पीएम मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आह्वान पर 'सेवा ही संगठन' मंत्र के साथ कार्य कर रहा था, लेकिन उस वक्त राहुल गांधी कहां थे। संकट के समय उन्हें भारत नहीं, इटली में नानी याद आती हैं। 

रिश्तेदारी निभाने के लिए लगाई धारा-370
सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में मंदिर का निर्माण कराया तो धारा-370 को दफन भी कर दिया।

बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर के विरोध के बावजूद कांग्रेस ने रिश्तेदारी निभाने के लिए धारा-370 संविधान में जोड़कर कश्मीर को अलग स्टेटस दिया, जिससे देश आतंकवाद की चपेट में आ गया। कांग्रेस ने हिंदुओं के सामने ऐसी स्थिति कर दी कि वे आपस में ही लड़ें। 

दुर्दांत माफिया के साथ थी कांग्रेस की व्यावसायिक पार्टनरशिप
सीएम योगी ने कहा कि बदनसीबों के कारण यूपी में हर तीसरे दिन दंगा होता था, लेकिन साढ़े सात साल से दंगाई जेल में हैं या जहन्नुम चले गए। यूपी में अब नो कर्फ्यू, नो दंगा है, क्योंकि वहां सब चंगा है।

कांग्रेस ने यूपी के दुर्दांत माफिया को शरण दिया था। उसके साथ उनकी व्यावसायिक पार्टनरशिप थी। खनन, पशु, वन, भूमाफिया कांग्रेस के शागिर्द थे, इसलिए कांग्रेस को सत्ता से दूर रखना चाहिए। 

रावण, मेघनाद व कुंभकर्ण की भूमिका में कांग्रेस 
सीएम योगी ने कहा कि हरियाणा वीरभूमि है। देश के पेट को भरने के लिए यहां के अन्नदाता किसान का परिश्रम अभिनंदनीय है। सीमा की रक्षा करने वाला हरियाणा का जवान पाकिस्तान के छक्के छुड़ाने का कार्य करता है। हांसी में बच्चों को राम, सीता, हनुमान, लक्ष्मण, गुरु वशिष्ठ की भूमिका में देख सीएम योगी गदगद हुए तो कांग्रेस पर भी वार करते हुए कहा कि आपने तय कर लिया है कि रावण, मेघनाद, कुंभकर्ण की वेशभूषा में केवल कांग्रेस को रहना चाहिए।

सीएम ने कहा कि 1947 में सत्ता संभालने के बाद कांग्रेस ने जिस चीजों को डिरेल किया था, उसे पहले अटल बिहारी वाजपेयी, फिर नरेंद्र मोदी ने संभालकर नए भारत का निर्माण किया है। 

आतंकवाद, उग्रवाद व भ्रष्टाचार की जननी है कांग्रेस 
सीएम योगी ने कहा कि महात्मा गांधी ने कहा था कि भारत में सुशासन की व्यवस्था का आधार रामराज्य ही हो सकता है। देश लगातार गलती पर गलती करता गया तो इन लोगों ने सुरक्षा से खिलवाड़ किया।

कांग्रेस समस्या व भाजपा समाधान है। कांग्रेस देश में आतंकवाद, उग्रवाद, भ्रष्टाचार की जननी है। रोम-इटली की चर्चा करने वाले कांग्रेस के लोग वहीं जाएं, वे हरियाणा, हांसी व हिसार से वोट क्यों मांगते हैं।

धारा-370 हटने का प्रभाव है कि भारत को कोसने वालों के मुख से निकल रहा राम-राम  
सीएम ने जम्मू एयरपोर्ट हुए संस्मरण की चर्चा करते हुए बताया कि एक मौलाना ने मुझे राम-राम किया, मैंने भी राम-राम किया। भौचक होकर मैंने एक अधिकारी से पूछा कि क्या यहां सभी मौलवी राम-राम करते हैं तो उसने कहा नहीं,  यह धारा-370 हटने का प्रभाव है।

सीएम ने कहा कि जो राम, कृष्ण व भारत को कोसते थे, उनके मुख से आज राम-राम निकल रहा है। भाजपा जितनी मजबूत होगी, भारत उतना मजबूत होगा और भारत जितना मजबूत होगा, सड़कों पर हरे रामा-हरे कृष्णा का भजन उतना ही देखने को मिलेगा। 

कांग्रेस कहती है कि राम-कृष्ण के लिए नहीं, वक्फ बोर्ड के लिए भूमि होनी चाहिए 
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को राम-कृष्ण पर विश्वास नहीं है। वह कहती है कि राम-कृष्ण के लिए भूमि नहीं होनी चाहिए, भूमि केवल वक्फ बोर्ड के लिए होनी चाहिए।

इसलिए चांद मोहम्मद को टिकट देकर पंचकूला को लूटने भेज दिया है। भगवान राम और कृष्ण ने भी बदनसीब कांग्रेस की तरफ से मुख फेर लिया है। सीएम योगी ने कहा कि काम करने के लिए दम और दमदार सरकार चाहिए। सरकार होगी दमदार तो काम होगा ईमानदार। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव समीप आ रहा है, कांग्रेस के हौसले पस्त होते जा रहे हैं।

उन्हें अहसास हो गया है कि हरियाणा में उनकी दाल नहीं गलने वाली है। भरोसा दिल से, भाजपा फिर से। सीएम योगी ने कहा कि 5 अक्टूबर को हरियाणा में चुनाव व 8 अक्टूबर को मतगणना है। तीन अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि प्रारंभ होगी, 12 अक्टूबर को विजयादशमी है। विकास की लक्ष्मी के लिए इससे पहले यहां कमल का फूल खिलना चाहिए। 

जनसभाओं में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भजन गायक कन्हैया मित्तल, यूपी के मंत्री ब्रजेश सिंह समेत अनेक जनप्रतिनिधि व साधु-संत मौजूद रहे।  

... जब जनभावनाओं को योगी को खुद कराया शांत
हांसी (हिसार) में जनसभा के दौरान एक वक्ता अपनी बात रख रहे थे। इस दौरान खचाखच भरे पंडाल के बीच से एक स्वर में योगी-योगी  की गूंज आने लगी।

राम-सीता, लक्ष्मण, हनुमान समेत अनेक पात्र में सजे बच्चे भी निरंतर योगी-योगी करने लगे। दूसरी बार जब मंच संचालक अपनी बात रख रहे थे तो फिर योगी-योगी की गूंज से गुंजायमान होने लगी। इस पर सीएम योगी ने हाथों से खुद इशारा करके आमजन को शांत कराया, फिर अपने भाषण में इस उत्साह के लिए आभार भी जताया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement