Hardoi News: ननिहाल आए युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में लगाई फांसी, हुई मौत।
रविंद्र कुछ दिन पूर्व घूमने के उद्देश्य से यहां आया हुआ था। कल सोमवार शाम लगभग 4:30 बजे रविंद्र कहीं से लौटा और छप्पर में जाकर लेट...
उगड़नपुरवा/भदार। ननिहाल आए युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फांसी लगा ली,जिससे युवक की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम परचौली थाना अरवल निवासी रविंद्र राजपूत पुत्र वीरेंद्र राजपूत बीते 15 दिन से अपने नाना मोहन निवासी ग्राम उगड़नपुरवा मजरा कुचिला विजना के घर आया हुआ था। इसी गांव के पड़ोस में ग्राम कुशलपुरवा मजरा श्रीमऊ निवासी होशियार की पुत्री लक्ष्मी की शादी रविंद्र से बीते 1 वर्ष पूर्व हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविंद्र का परिवार दिल्ली में रहता है और रविंद्र कुछ दिन पूर्व घूमने के उद्देश्य से यहां आया हुआ था। कल सोमवार शाम लगभग 4:30 बजे रविंद्र कहीं से लौटा और छप्पर में जाकर लेट गया। गांव वालों ने बताया कि घर वाले गेहूं काटने खेत पर गए हुए थे, घर में केवल रविंद्र था। जब ननिहाल के लोग खेत से लौटे तो उन्होंने देखा की रविंद्र छप्पर में लटका हुआ है। परिजनों द्वारा आनन फानन में घटना के संबंध में रविंद्र के पिता को सूचना दी गई परंतु पुलिस को सूचना नहीं दी गई।
देर रात जब रविंद्र के पिता दिल्ली से आए तब उनके द्वारा अरवल पुलिस को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अरवल विवेक वर्मा द्वारा उप निरीक्षक संतोष कुमार को पुलिस टीम के साथ मौके पर भेजा गया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम हेतु जिला मुख्यालय भेजा जा रहा था। मृतक रविंद्र तीन भाइयों में सबसे बड़ा था, जिसकी मौत की सूचना मिलते ही पत्नी लक्ष्मी सहित पूरे परिवार में मातम पसर गया। उप निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया की घटना के संबंध में वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
What's Your Reaction?











