Sitapur: श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, एसडीएम-सीओ ने नैमिषारण्य में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

 पवित्र तीर्थ नैमिषारण्य में श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण और सफल संचालन को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी

Aug 3, 2026 - 11:31
 0  3
Sitapur: श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, एसडीएम-सीओ ने नैमिषारण्य में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, एसडीएम-सीओ ने नैमिषारण्य में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

 रिपोर्ट:-सुरेंद्र मोठी INA NEWS संवाददाता नैमिषारण्य

सीतापुर/नैमिषारण्य: पवित्र तीर्थ नैमिषारण्य में श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण और सफल संचालन को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। सावन के प्रथम सोमवार पर उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मिश्रिख एसडीएम एवं क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बैठक के उपरांत अधिकारियों ने मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र, गोमती नदी के घाटों तथा कांवड़ यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन द्वारा नैमिषारण्य तीर्थ के गोमती नदी के प्रमुख घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। नदी के गहरे जल क्षेत्र में बैरिकेडिंग कराई जा रही है तथा किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की जा रही है।

कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए 24 घंटे का रूट डायवर्जन लागू किया गया है। भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जिससे पैदल चल रहे श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंदिर परिसर एवं कांवड़ यात्रा मार्गों पर पर्याप्त सुरक्षा,प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय तथा मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं तीर्थ क्षेत्र के प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस चौकियां, पूछताछ केंद्र तथा आपातकालीन चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।

किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र में भारी पुलिस बल तथा पीएसी के जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य निगरानी तंत्र के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर 24 घंटे पैनी नजर रखी जाएगी।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस या हेल्प डेस्क से संपर्क करें। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हो।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

INA News_Admin आई.एन. ए. न्यूज़ (INA NEWS) initiate news agency भारत में सबसे तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार एजेंसी है, 2017 से एक बड़ा सफर तय करके आज आप सभी के बीच एक पहचान बना सकी है| हमारा प्रयास यही है कि अपने पाठक तक सच और सही जानकारी पहुंचाएं जिसमें सही और समय का ख़ास महत्व है।