Agra : रुनकता को नगर पंचायत बनाने की मांग तेज, पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने दिया समर्थन
अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की सदस्य मधु भारद्वाज ने बताया कि रुनकता की पौराणिक पहचान को बचाने और क्षेत्र के विकास के लिए संस्था जल्द ही हस्ताक्षर अभियान शुरू करेगी। प्रेस वार्ता
आगरा के विजय नगर कॉलोनी स्थित आगरा पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री और विधायक चौधरी उदयभान सिंह ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि प्रयास करें तो कोई भी काम असंभव नहीं है। उन्होंने रुनकता क्षेत्र के विकास के लिए अपना पूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में जो कार्य प्रस्तावित थे, अब उनके पूरा होने का समय आ गया है।
वह जल्द ही अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के सदस्यों के साथ आगरा कमिश्नर से मिलकर विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेंगे। उन्होंने रुनकता की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता पर चर्चा करते हुए कहा कि यह स्थान त्रेता युग से ही महत्वपूर्ण रहा है, जो महर्षि परशुराम की तपोभूमि और ऋषि वेदव्यास से जुड़ा है।
अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की सदस्य मधु भारद्वाज ने बताया कि रुनकता की पौराणिक पहचान को बचाने और क्षेत्र के विकास के लिए संस्था जल्द ही हस्ताक्षर अभियान शुरू करेगी। प्रेस वार्ता में बताया गया कि रुनकता की आबादी अब 20,000 से अधिक हो गई है, जिसे ग्राम पंचायत के बजट से संभालना मुश्किल है। आगरा मेट्रो का विस्तार सिकंदरा तक होने से यहाँ पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। कृषि पर निर्भरता कम होने और शहरीकरण बढ़ने के कारण अब रुनकता को नगर पंचायत का दर्जा देना समय की जरूरत है। वक्ताओं ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से गऊघाट और रेणुका धाम का सही विकास तभी हो सकता है जब इसे टाउन एरिया घोषित किया जाए। बैठक में महेश शर्मा, के.एन. अग्निहोत्री, अनिल शर्मा और असलम सलीमी उपस्थित रहे।
Also Click : Ballia : बलिया के निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, परिजनों का हंगामा और पुलिस का बल प्रयोग
What's Your Reaction?









