Agra News: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में दिखेगी ताजनगरी के हुनर की चमक, 36 उद्यमी लगाएंगे 60 स्टॉल
ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में आगरा के 36 उद्यमी 60 स्टॉलों पर लेदर, मार्बल, हैंडीक्राफ्ट और मशहूर पेठे का प्रदर्शन करेंगे।
आगरा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी ऐतिहासिक पहचान रखने वाली ताजनगरी आगरा अब वैश्विक व्यापारिक परिदृश्य पर अपने औद्योगिक और पारंपरिक हुनर का परचम लहराने के लिए तैयार है। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले 'उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो' (UPITS) 2026 में आगरा के उद्यमी, शिल्पकार और निर्यातक बड़े पैमाने पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। प्रदेश सरकार द्वारा स्थानीय कारीगरी और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की पहल के तहत इस वर्ष जिले के 36 उद्यमियों को 60 विशेष स्टॉल आवंटित किए गए हैं।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, ट्रेड शो में आगरा की भागीदारी का दायरा लगातार विस्तृत हो रहा है। इस मंच के माध्यम से जिले के पारंपरिक उत्पादों, एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) योजना से जुड़ी इकाइयों, महिला उद्यमियों, युवा स्टार्टअप्स और स्थापित निर्यातकों को वैश्विक खरीदारों (बायर्स) के साथ सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।
ओडीओपी, महिला और युवा उद्यमियों को विशेष तरजीह
ट्रेड शो के आयोजन में समावेशी व्यापार मॉडल को प्राथमिकता दी गई है। आगरा से प्रतिभाग करने वाले विभिन्न वर्गों के उद्यमियों के लिए श्रेणियों के आधार पर स्टॉलों का सुव्यवस्थित आवंटन किया गया है:
-
एक जनपद एक उत्पाद (ODOP): जिले के प्रमुख उत्पाद यानी लेदर और संबंधित विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए ओडीओपी वर्ग में 8 इकाइयों द्वारा कुल 10 स्टॉल लगाए जाएंगे।
-
महिला एवं युवा नवाचारी: महिला उद्यमियों, एमएसएमई और युवा उद्यमियों की श्रेणी में 7 इकाइयों को 7 स्टॉल मिले हैं। इनमें 4 महिला उद्यमी और 3 युवा उद्यमी शामिल हैं, जो अपने नवाचारी उत्पादों को विदेशी खरीदारों के सम्मुख प्रस्तुत करेंगे।
-
नवोदित निर्यातक श्रेणी: स्थानीय स्तर से निकलकर वैश्विक स्तर पर पहली बार व्यापार विस्तार की योजना बना रहे 17 नवोदित निर्यातकों को 25 स्टॉल आवंटित किए गए हैं।
-
नियमित निर्यातक: अंतरराष्ट्रीय व्यापार में पहले से सक्रिय 9 स्थापित निर्यात इकाइयों द्वारा 10 स्टॉल लगाए जा रहे हैं।
-
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान: इस योजना से लाभान्वित होकर स्वरोजगार स्थापित करने वाली एक इकाई भी पूरे उत्साह के साथ एक्सपो मार्ट में अपने उत्पाद पेश करेगी।
लेदर, मार्बल और जरी-जरदोजी की समृद्ध विरासत का प्रदर्शन
पांच दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय मेले में आगरा के विश्व प्रसिद्ध शिल्प कौशल की विस्तृत और भव्य श्रृंखला देखने को मिलेगी। स्टॉलों पर आगरा का प्रसिद्ध लेदर फुटवियर, लेदर गारमेंट्स, बैग्स और लेदर गुड्स प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अतिरिक्त, मुगलकालीन पच्चीकारी से जुड़ा मार्बल स्टोन क्राफ्ट, होम डेकोर सामग्री, कालीन, हथकरघा (हैंडloom) साड़ियां, परिधान, जरी-जरदोजी और इमिटेशन ज्वेलरी का उत्कृष्ट संग्रह प्रदर्शित किया जाएगा।
विदेशी प्रतिनिधिमंडलों, संस्थागत व्यापारिक खरीदारों और बड़े रिटेल चेन्स के प्रतिनिधियों के लिए आगरा के हस्तशिल्पियों से सीधे संवाद और आपूर्ति अनुबंध (सप्लाई कॉन्ट्रैक्ट) करने की व्यवस्था रहेगी।
ओडीओसी के तहत सजेगा 'लाइव किचन', पेठे की महक से सजेगा पवेलियन
ट्रेड शो में केवल औद्योगिक और शिल्प उत्पादों का ही प्रदर्शन नहीं होगा, बल्कि ताजनगरी के स्वाद और खान-पान संस्कृति को भी विशेष पहचान दी जाएगी। 'वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन' (ODOC) श्रेणी के तहत आगरा की 5 प्रमुख इकाइयां प्रतिभाग कर रही हैं।
आयोजन स्थल पर एक विशेष 'लाइव किचन' स्थापित की जाएगी, जहां आगंतुक और विदेशी मेहमान आगरा के विश्व विख्यात पेठे के विभिन्न स्वादों और वैरायटी का प्रत्यक्ष अनुभव ले सकेंगे। इसके साथ ही आगरा की पारंपरिक मिठाइयां, दालमोठ और नमकीन का आकर्षक डिस्प्ले भी लगाया जाएगा, जिससे फूड प्रोसेसिंग और कन्फेक्शनरी सेक्टर में भी नए व्यापारिक ऑर्डर मिलने की उम्मीद है।
बी2बी बैठकों से व्यापार विस्तार का खुला रास्ता
जिला उद्योग केंद्र आगरा के अधिकारियों के अनुसार, इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन से स्थानीय स्तर पर काम कर रहे छोटे कारीगरों और निर्माताओं की सीधी पहुंच वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला (ग्लोबल सप्लाई चेन) तक होगी। बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) बैठकों के माध्यम से बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और उत्पादकों को उनकी कला का उचित मूल्य प्राप्त होगा।
"उत्तर प्रदेश सरकार के प्रयासों से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो स्थानीय विनिर्माताओं के लिए वैश्विक बाजार में पैर जमाने का एक उत्कृष्ट माध्यम बन चुका है। इस आयोजन से हमारे नए निर्यातकों और विशेष रूप से महिला उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से रूबरू होने, सीधे अनुबंध हासिल करने और व्यापार के नए तौर-तरीके सीखने का मौका मिलेगा। उद्योग विभाग सभी उद्यमियों को तकनीकी और प्रबंधकीय स्तर पर पूरा सहयोग दे रहा है।" — शैलेंद्र कुमार, उपायुक्त उद्योग, आगरा
Also Click : 50 की स्पीड लिमिट, 60 पर भी राहत… फिर भी नहीं सुधरे तो कटेगा ₹2000 का चालान!
What's Your Reaction?