Agra : आगरा में दहेज उत्पीड़न से तंग आकर विवाहिता ने दी जान, बेटे से मिलने को तड़पती रही माँ
परिवार के अनुसार, कुछ समय पहले पीड़िता का पति अपने जरूरी कागजात और गहने मायके भिजवाकर बेटे को ससुराल से ले गया और घर में ताला डालकर गायब हो गया। जब
जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में दहेज की मांग और मानसिक उत्पीड़न से परेशान एक विवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पिता ने ससुराल पक्ष के लोगों पर बेटी को प्रताड़ित करने, बेटे से मिलने नहीं देने और झूठे आरोपों से बदनाम करने का आरोप लगाया है।
राजेन्द्र शर्मा निवासी शास्त्रीपुरम सिकंदरा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री प्रीतांजली की शादी वर्ष 2018 में सौरभ दुबे निवासी बिचपुरी, आगरा के साथ हिन्दू रीति-रिवाज से ब्लू हेवल रिसोर्ट में हुई थी। विवाह में लगभग 20 लाख रुपये खर्च किए गए थे।
शिकायत के अनुसार, ससुराल पहुंचते ही प्रीतांजली की सास, ससुर और ननदों ने शादी में खर्च को लेकर ताने देने शुरू कर दिए। उनसे कहा गया कि लड़के की शादी तो 50 लाख रुपये में हो सकती थी, लेकिन उसके पिता ने कुछ खर्च नहीं किया। इसके बाद 10 लाख रुपये और एक कार की मांग की गई। मांग पूरी न होने पर पीड़िता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
पिता ने बताया कि उनकी बेटी से दिनभर घर का सारा काम कराया जाता था और बचा हुआ खाना दिया जाता था। कई बार उसने फोन पर अपनी परेशानी बताई और रिश्तेदारों ने पंचायत भी की, लेकिन हालात नहीं बदले।
परिवार के अनुसार, कुछ समय पहले पीड़िता का पति अपने जरूरी कागजात और गहने मायके भिजवाकर बेटे को ससुराल से ले गया और घर में ताला डालकर गायब हो गया। जब पीड़िता को बेटे की जानकारी मिली तो वह अपने ननद निधि गुप्ता के घर वैभव वाटिका, दयालबाग पहुंची। वहां बेटा अपनी मां को देखकर उसके पास आने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ननदों ने उसे कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। इस दौरान पीड़िता के नंदोई अश्विनी और राहुल ने उसे धक्का देकर बाहर निकाल दिया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
पीड़िता ने घटना की सूचना पुलिस को दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पति ने पुलिस को तलाक के कागजात दिखाकर मामला टाल दिया। परिवार का कहना है कि प्रीतांजली ने अदालत में अपने बेटे की अभिरक्षा के लिए भी याचिका दी थी, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला।
पिता के अनुसार, ससुराल पक्ष ने झूठे फोटो और वीडियो वायरल कर उसे बदनाम करने की कोशिश की। कोर्ट में केस दर्ज कराने के बाद ही शाम को जानकारी मिली कि प्रीतांजली ने अपने घर में फांसी लगा ली।
इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। रिश्तेदारों और पड़ोसियों का कहना है कि प्रीतांजली अपने बेटे से बहुत प्यार करती थी और उसी की याद में जी रही थी। बेटे से न मिल पाने की पीड़ा ने उसे भीतर से तोड़ दिया। पीड़िता के पिता ने पुलिस से ससुराल पक्ष के सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Also Click : Deoband : उत्तराखंड के दो शराब तस्कर दबोचे, देसी और अंग्रेजी शराब बरामद
What's Your Reaction?











