Agra : केशव प्रसाद मौर्य के आगमन पर जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा
उन्होंने आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया का जिक्र करते हुए कहा कि देश में उत्पादन बढ़ने से रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में भारत के बढ़ते उत्पादन और वैज्ञानिकों की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में वैश्विक
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के खेरिया हवाई अड्डे पहुंचने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर और पटका पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य, विधायक जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, रानी पक्षालिका सिंह, छोटेलाल वर्मा, बाबूलाल, भगवान सिंह कुशवाह, धर्मपाल सिंह, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रदीप भाटी, जिलाधिकारी मनीष बंसल और मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मंच पर पहुंचने पर पत्रकारों और संगठन के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप जलाकर और सरस्वती वंदना के साथ हुई।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1972 से शुरू हुई लगभग 55 वर्षों की यात्रा तय करने वाले इस संगठन के सम्मेलन में आए सभी पत्रकारों का वह स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। पत्रकार समाज और सरकार के बीच एक मजबूत कड़ी का काम करते हैं। यदि सरकार से कोई कमी होती है तो पत्रकार उसे सामने लाने का अधिकार रखते हैं और अच्छे कार्यों को जनता तक पहुंचाना भी उनका दायित्व है। राजनीति, चिकित्सा, पुलिस और पत्रकारिता का काम 24 घंटे का है, जिसमें लोगों को किसी भी समय अपने कर्तव्यों का पालन करना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसे मजबूत करने में स्वतंत्र पत्रकारिता की बड़ी भूमिका है। आपातकाल के समय पत्रकारों ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने 'एक देश, एक चुनाव' की अवधारणा का समर्थन करते हुए कहा कि इससे समय, संसाधनों और धन की बचत होगी और विकास कार्यों को गति मिलेगी। देश की युवा पीढ़ी और आम नागरिक भी इस विचार के साथ हैं। उन्होंने ऊर्जा संरक्षण की अपील करते हुए कहा कि हर नागरिक को संसाधनों का समझदारी से उपयोग करना चाहिए।
उन्होंने आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया का जिक्र करते हुए कहा कि देश में उत्पादन बढ़ने से रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में भारत के बढ़ते उत्पादन और वैज्ञानिकों की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में वैश्विक संकटों के बीच भारत शांति और विकास का रास्ता दिखाने वाला देश बनकर उभर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विभिन्न 32 देशों से मिले सर्वोच्च सम्मान देश की जनता का सम्मान हैं। उत्तर प्रदेश सरकार पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों के लिए प्रतिबद्ध है।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों, संगठन के लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों के साथ मिलकर जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि विभिन्न योजनाओं के लिए मिले धन को समय पर गरीबों और आम लोगों की सुविधा के लिए खर्च किया जाए, इसे बिना उपयोग के बचाकर न रखा जाए।
उन्होंने तहसील, ब्लॉक और थानों से जुड़े मामलों में आम लोगों से मिलने वाली शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने, उन्हें संतुष्ट करने और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेघर जरूरतमंदों को आवास योजना का लाभ देने तथा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सुविधाएं लेने वाले बाहरी घुसपैठियों के खिलाफ अभियान चलाकर उन्हें चिन्हित करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि गरीबों के राशन की कालाबाजारी करने वालों और सरकारी आवास आवंटन में भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस बैठक में पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, जिलाधिकारी मनीष बंसल, डीसी मनरेगा रामायण सिंह यादव, डीसी एनआरएलएम राजन राय, पीडी डीआरडीए रेनू कुमारी और जिला विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?




