धोखाधड़ी से अर्जित 33.96 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क, गैंगस्टर आरोपी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली देहात पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी

Jun 17, 2026 - 17:27
30 Views
धोखाधड़ी से अर्जित 33.96 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क, गैंगस्टर आरोपी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
धोखाधड़ी से अर्जित 33.96 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क, गैंगस्टर आरोपी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

हरदोई। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली देहात पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी की करीब 33.96 लाख रुपये मूल्य की चल एवं अचल संपत्ति कुर्क कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में गैंगस्टर एक्ट के अभियुक्त कुलदीप अग्रवाल पुत्र सुरेश कुमार अग्रवाल, निवासी विशम्भर भवन, रेलवेगंज थाना कोतवाली शहर, हरदोई की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्क किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने धोखाधड़ी, छल-कपट और जालसाजी जैसे अपराधों के माध्यम से आर्थिक लाभ अर्जित कर संपत्तियां बनाई थीं। जिलाधिकारी हरदोई द्वारा पारित आदेश के अनुपालन में पुलिस और राजस्व टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी की टोयोटा इनोवा कार (UP 32 NX 8111), जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये है, तथा लखनऊ रोड स्थित करीब 1800 वर्ग फीट के भूखंड को, जिसकी कीमत लगभग 13.96 लाख रुपये आंकी गई है, कुर्क कर लिया।

पुलिस अभिलेखों के अनुसार कुलदीप अग्रवाल के खिलाफ कोतवाली शहर थाने में धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। कुर्की की कार्रवाई में नायब तहसीलदार देवेंद्र नाथ, लेखपाल अजय कुमार श्रीवास्तव सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। वहीं पुलिस टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ ने किया, जिनके साथ कांस्टेबल वैभव सिंह राजावत एवं अमन सिंह भी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow