नवनिर्मित प्राथमिक विद्यालय के रास्ते में कीचड़ और गंदा पानी, पेयजल संकट से जूझ रहे बच्चे
अतरौली के टिकरा खुर्द प्राथमिक विद्यालय में कीचड़ भरा रास्ता और खराब हैंडपंप बच्चों के लिए मुसीबत बना है। ग्रामीणों ने इंटरलॉकिंग मार्ग की माँग की।
Report : मुकेश सिंह
अतरौली विकासखंड की ग्राम पंचायत टिकरा खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को हर दिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नया भवन बनने के बावजूद स्कूल तक पहुँचने का रास्ता बेहद बदहाल है। जलभराव और रास्ते में बहती गहरी नाली के कारण छोटे-छोटे छात्र-छात्राएँ कीचड़ से होकर विद्यालय जाने को मजबूर हैं। बारिश के दिनों में यह मार्ग और भी खतरनाक हो जाता है, जिससे हर समय हादसे का डर बना रहता है।
मार्ग की दुर्दशा के साथ-साथ परिसर में पानी का गंभीर संकट भी बना हुआ है। विद्यालय परिसर के बाहर स्थापित हैंडपंप लंबे समय से बंद पड़ा है। मरम्मत न होने के कारण छात्र-छात्राओं को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। इस स्थिति को लेकर स्थानीय निवासियों और अभिभावकों में काफी असंतोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्कूल तक लगभग 50 मीटर लंबे इंटरलॉकिंग मार्ग के निर्माण की माँग की है, ताकि बच्चों को सुरक्षित रास्ता मिल सके।
मामले को लेकर पंचायत सचिव अजय अवस्थी ने बताया कि बंद पड़े हैंडपंप को जल्द ही ठीक करा दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यालय तक इंटरलॉकिंग सड़क बनाने का प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजा जा चुका है। बजट स्वीकृत होते ही मार्ग निर्माण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
Also Click : UP Education News: यूपी के प्राथमिक स्कूलों में चलेगा कैच-अप शिक्षण अभियान, बच्चों का पढ़ाई का स्तर सुधारने की तैयारी
What's Your Reaction?