Hardoi News: संडीला एसडीएम ने बेनीगंज में अपंजीकृत निजी पॉलीक्लिनिक को सील किया
हरदोई न्यूज़: संडीला की SDM नारायणी भाटिया ने बेनीगंज में एक बिना रजिस्ट्रेशन वाले पॉलीक्लिनिक का निरीक्षण किया और उसे सील कर दिया। संचालक सुधीर को नोटिस जारी किया गया है। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह सोमवंशी
हरदोई के बेनीगंज में बिना मान्यता चल रहे द्वारिका पॉलीक्लिनिक पर प्रशासन का बड़ा चाबुक चला है। संडीला उप जिलाधिकारी नारायणी भाटिया के अचानक किए गए निरीक्षण के दौरान इस फर्जी क्लीनिक की हकीकत सामने आई, जिसके बाद मौके पर ही स्वास्थ्य विभाग की टीम को बुलाकर क्लीनिक को पूरी तरह बंद कर दिया गया।
कोथावा मार्ग स्थित अहिरावां चौराहे पर बिना किसी जरूरी अनुमति और सरकारी मानकों के यह निजी क्लीनिक काफी समय से चलाया जा रहा था। जांच के दौरान पता चला कि लोहरई निवासी सुधीर इसका संचालन कर रहा था। निरीक्षण में जब इलाज से जुड़े वैद्य दस्तावेज और पंजीकरण पत्र नहीं मिले, तो उप जिलाधिकारी ने इस पर तुरंत कड़ा रुख अपनाया।
प्रशासन के निर्देश पर पहुंचे डॉक्टर मनोज कुमार सिंह ने कागजातों की प्राथमिक जांच की और गड़बड़ी मिलने पर क्लीनिक पर ताला लगा दिया। इसके साथ ही क्लीनिक संचालक को लिखित सूचना भेजकर तय समय के भीतर सभी जरूरी अभिलेख प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान उप जिलाधिकारी नारायणी भाटिया ने साफ कहा कि आम लोगों की सेहत के साथ समझौता करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। बिना पंजीकरण और नियमों को ताक पर रखकर चलने वाले निजी अस्पतालों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से भी सतर्क रहने और केवल रजिस्टर्ड अस्पतालों में ही इलाज कराने की बात कही है।
Also Click : UP Education News: यूपी के प्राथमिक स्कूलों में चलेगा कैच-अप शिक्षण अभियान, बच्चों का पढ़ाई का स्तर सुधारने की तैयारी
What's Your Reaction?




