महावीर जी झंडा मेला: जर्जर सड़कों और अव्यवस्थाओं को लेकर समिति ने जिलाधिकारी को सौंपा मांगपत्र
संडीला के ऐतिहासिक महावीर जी झंडा मेले से पहले सड़कों की बदहाली पर समिति ने जताई चिंता। जिलाधिकारी से मार्ग मरम्मत और व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह सोमवंशी
संडीला नगर के ऐतिहासिक श्री महावीर जी झंडा मेला से पहले बदहाल रास्तों और अधूरी तैयारियों को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। मेले के आयोजन को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए समिति के अध्यक्ष शैलेश अग्निहोत्री ने जिलाधिकारी अनुनय झा को एक मांगपत्र सौंपा है। इसमें शोभायात्रा मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने और मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने की अपील की गई है।
मेला समिति के अध्यक्ष ने बताया कि आगामी ऐतिहासिक शोभायात्रा जिस मुख्य रास्ते से निकलेगी, वहां जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं और सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। जल निगम द्वारा खोदी गई सड़कों का पुनर्निर्माण न होने से स्थिति और अधिक दयनीय हो गई है। चार दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में पड़ोसी जिलों और राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में जर्जर रास्तों के कारण दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ है।
मांगपत्र के जरिए प्रशासन से नगर पालिका और संबंधित विभागों को जल्द दिशानिर्देश जारी करने का आग्रह किया गया है। समिति ने मेला क्षेत्र में पर्याप्त लाइट, साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और गड्ढामुक्त रास्तों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय रहते काम पूरा नहीं हुआ और कोई हादसा होता है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी। इस मामले की जानकारी शासन स्तर पर अधिकारियों को भी भेजी गई है।
Also Click : UP Education News: यूपी के प्राथमिक स्कूलों में चलेगा कैच-अप शिक्षण अभियान, बच्चों का पढ़ाई का स्तर सुधारने की तैयारी
What's Your Reaction?




