अयोध्या दीपोत्सव: सीएम योगी के स्वागत में कमल, कलश व दीपों से सजा रामकथा पार्क मार्ग, सड़कों पर उकेरी गईं रंगोलियां
अयोध्या में दसवें दीपोत्सव पर सीएम योगी के स्वागत के लिए रामकथा पार्क मार्ग पर कमल, मंगल कलश और दीपों की भव्य रंगोलियां उकेरी गईं। सांस्कृतिक छटा से सजी रामनगरी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप रामनगरी अयोध्या में दसवें ऐतिहासिक दीपोत्सव-2026 को दिव्य, भव्य और अविस्मरणीय स्वरूप प्रदान करने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी क्रम में मुख्य आयोजन स्थल रामकथा पार्क के समीपवर्ती मुख्य मार्ग तथा होटल सरयू यात्री निवास के पूरे परिक्षेत्र को मनोहारी और रंग-बिरंगी पारंपरिक कलाकृतियों से सजाया जा रहा है। इसी वीआईपी मार्ग से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काफिला मुख्य समारोह में प्रवेश करेगा, जिसे ध्यान में रखते हुए सड़क पर भारतीय संस्कृति के मांगलिक प्रतीकों से युक्त भव्य रंगोलियां उकेरी जा रही हैं।
रास्ते को कैनवास का रूप देते हुए कुशल कलाकारों ने अपनी तूलिका और पारंपरिक रंगों के संयोजन से सड़क पर जीवंत धार्मिक व सांस्कृतिक आकृतियां बनाई हैं। कहीं सनातन परंपरा के प्रतीक 'मंगल कलश' और 'स्वस्तिक' के पावन चिह्न उकेरे गए हैं, तो कहीं खिले हुए विशाल कमल के फूल और जगमगाते पारंपरिक दीपों की सुंदर कलाकृतियां राहगीरों और श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। यह चित्ताकर्षक सड़क चित्रांकन रामनगरी के आध्यात्मिक और उत्सवी परिवेश को विशिष्ट भव्यता प्रदान कर रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं अयोध्या दीपोत्सव की सभी व्यवस्थाओं और तैयारियों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। रामकथा पार्क मार्ग पर प्रदर्शित यह कलात्मक सौंदर्यीकरण आयोजन की व्यापक रूपरेखा का महत्वपूर्ण अंग है। मिट्टी के पारंपरिक दीयों की आभा, रामायणकालीन भित्तिचित्रों, आधुनिक तकनीक और लोककला के इस समन्वय के साथ दसवां दीपोत्सव अयोध्या की सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक पटल पर एक बार फिर नई ऊंचाई देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
What's Your Reaction?

