Bajpur : बाजपुर में फल विक्रेता का घर के अंदर संदिग्ध हालत में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
जयपाल के बहनोई ओमप्रकाश ने बताया कि जब वे लोग घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। जैसे ही वे अंदर गए तो जयपाल का शव संदिग्ध हालत में पड़ा हुआ था।
ब्यूरो चीफ : आमिर हुसैन
बाजपुर: मुंडिया पिस्तौर देहात इलाके में एक 60 वर्षीय फल विक्रेता का शव उनके घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के समय घर में केवल उनके बेहद बुजुर्ग पिता मौजूद थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
मूल रूप से रामपुर चकिया के रहने वाले जयपाल पिछले करीब डेढ़ साल से मुंडिया पिस्तौर देहात में किराए पर रह रहे थे और फल बेचकर अपना गुजारा करते थे। सुबह करीब 9 बजे जयपाल की बहन वीरवती हमेशा की तरह उनके लिए खाना लेकर आई थीं। जयपाल के बहनोई ओमप्रकाश ने बताया कि जब वे लोग घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। जैसे ही वे अंदर गए तो जयपाल का शव संदिग्ध हालत में पड़ा हुआ था।
हैरान करने वाली बात यह है कि जब यह घटना हुई, तब घर के अंदर जयपाल के 99 वर्षीय वयोवृद्ध पिता नत्थू सिंह भी थे। हालांकि, अत्यधिक उम्र होने के कारण वे कुछ भी बता पाने की स्थिति में नहीं हैं। घर में शव मिलने की खबर सुनते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारी विक्रम धामी ने घटनास्थल की जांच की और लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मौत की असली वजह रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।
Also Click : Delhi Police Action: आदर्श नगर के होटल में महिला को थप्पड़ मारने वाले दारोगा पर गिरी गाज, पुलिस ने किया लाइन हाजिर
What's Your Reaction?




