पिरान कलियर में इप्टा टीम ने मांगी अमन-शांति की दुआ: नुक्कड़ नाटक और गीतों से दिया सामाजिक सद्भाव का पैगाम

पिरान कलियर दरगाह में यूपी इप्टा की टीम ने हाजिरी देकर अमन-चैन की दुआ मांगी। पीपल-झंडा चौक पर नुक्कड़ नाटक और गीतों से दिया शिक्षा और सामाजिक सौहार्द का संदेश।

By INA News Desk
Oct 11, 2026 - 13:12
6 Views
पिरान कलियर में इप्टा टीम ने मांगी अमन-शांति की दुआ: नुक्कड़ नाटक और गीतों से दिया सामाजिक सद्भाव का पैगाम

उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध आध्यात्मिक केंद्र पिरान कलियर शरीफ स्थित दरगाह हजरत साबिर पाक में भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक दल ने हाजिरी देकर देश भर में शांति, भाईचारे और परस्पर सद्भाव के लिए दुआ की। राजधानी लखनऊ से पहुंचे इस दल ने दरगाह परिसर में पुष्पांजलि अर्पित करने के पश्चात कला और गीतों के जरिए सामाजिक सरोकारों की अलख जगाई। दल ने समाज में फैली नफरत के खात्मे, नशा मुक्ति, बालिका शिक्षा और प्रौढ़ शिक्षा के समर्थन में प्रभावी काव्यात्मक प्रस्तुतियां दीं।

इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के शायर और उत्तराखंड भाषा संस्थान के उर्दू संकाय के प्रभारी सदस्य अफजल मंगलोरी ने कहा कि सदियों पूर्व हजरत साबिर पाक ने जो मानवता, सहअस्तित्व और प्रेम की सीख दी थी, वही विचार आज भी समाज को जोड़ने की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि इप्टा जैसी ऐतिहासिक सांस्कृतिक संस्थाएं देश भर में रचनात्मक माध्यमों से उसी रोशनी को फैलाने का सराहनीय कार्य कर रही हैं।

दरगाह दर्शन के उपरांत सांस्कृतिक दल की बालिकाओं ने कलियर के प्रमुख पीपल-झंडा चौक पर आम नागरिकों के बीच लघु नुक्कड़ नाटक और जनगीत प्रस्तुत किए।

कलाकारों ने प्रेम और ज्ञान का प्रसार करते हुए "ढाई आखर प्रेम के, पढ़ने और पढ़ाने आये हैं, हम भारत से नफरत का हर दाग मिटाने आये हैं" और "शाम से रात के आखिरी छोर तक, ये मशालें जलेंगी यूँ ही भोर तक" जैसे प्रेरणादायी गीतों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।

इप्टा की प्रांतीय उपाध्यक्ष सुमन श्रीवास्तव और शायर ओम प्रकाश "नदीम" के नेतृत्व में पहुंचे इस दल में शिवी सिंह, कविता यादव, गरिमा सिंह, आंचल सिंह, सोनी यादव और सविता यादव शामिल रहीं। दरगाह परिसर पहुंचने पर दरगाह प्रबंधन से जुड़े सद्दाम अली, ओम प्रकाश "नूर", सैयद इंतेखाब, राव शारिक, मोहम्मद हारून, राव सिकंदर, शशि कुमार सैनी, जमशेद जिम्मू और असलम कुरैशी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने सांस्कृतिक दल का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow