Ballia News: बलिया में तीन मंत्रियों की अगुवाई में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, 65 मीटर लंबा राष्ट्रीय ध्वज बना आकर्षण
बलिया में हर घर तिरंगा अभियान के तहत कलेक्ट्रेट से शहीद पार्क तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। 65 मीटर लंबा राष्ट्रीय ध्वज यात्रा का मुख्य आकर्षण रहा।
Report: Syed Asif Hussain Zaidi
स्वाधीनता दिवस की तैयारियों के बीच हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत बलिया शहर राष्ट्रभक्ति के रंगों से सराबोर नजर आया। जिला कलेक्ट्रेट परिसर से ऐतिहासिक शहीद पार्क तक एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस भव्य आयोजन की अगुवाई प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने संयुक्त रूप से की।
इस आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और महिलाओं सहित दो हजार से अधिक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे लोगों का कारवां कलेक्ट्रेट से शुरू होकर टीडी कॉलेज चौराहा, ओवरब्रिज, रेलवे स्टेशन, माल गोदाम मार्ग और हनुमान मंदिर से गुजरते हुए शहीद पार्क चौक पहुंचा। पूरे मार्ग में 'वंदे मातरम' और देशभक्ति के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा, जबकि जगह-जगह स्थानीय निवासियों ने यात्रा पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
इस यात्रा की मुख्य विशेषता 65 मीटर लंबा विशाल तिरंगा रहा, जिसे युवाओं और नागरिकों ने अपने कंधों पर संभालकर आगे बढ़ाया। सड़कों पर जनसैलाब की मौजूदगी ने राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम का सशक्त संदेश दिया।
शहीद पार्क चौक पर यात्रा के समापन के दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि देश की संप्रभुता के प्रतीक तिरंगे के प्रति आदर व्यक्त करने और नागरिकों में देशभक्ति का संचार करने का माध्यम है। उन्होंने हर नागरिक से देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने में योगदान देने का आह्वान किया।
इस गरिमामय कार्यक्रम में विधायक केतकी सिंह, पूर्व मंत्री आनंद शुक्ला, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा और नगर मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा सहित कई प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी व नागरिक उपस्थित रहे।
Also Click : Hardoi: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में नामजद आरोपी गिरफ्तार
What's Your Reaction?



