बलिया में इंडो-पैसिफिक पर राष्ट्रीय संगोष्ठी, रक्षा विशेषज्ञों ने कहा- वैश्विक मंच पर अब भारत की ओर देख रही दुनिया
बलिया के अमरनाथ मिश्रा पीजी कॉलेज में भारतीय विदेश नीति और इंडो-पैसिफिक रणनीति पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित हुई। विशेषज्ञों ने सामरिक महत्व पर विचार रखे।
Report - Syed Asif Hussain Zaidi
जनपद के दूबेछपरा स्थित अमरनाथ मिश्रा स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भारतीय विदेश नीति और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में देश की सामरिक भूमिका पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

भारतीय वैश्विक परिषद, नई दिल्ली एवं महाविद्यालय के रक्षा अध्ययन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस संगोष्ठी का मुख्य विषय "भारत-इंडोनेशिया सहयोग के संदर्भ में इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सामरिक साझेदारी एवं भारतीय विदेश नीति की प्रासंगिकता" रहा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता और हरियाणा के हिसार से पधारे रक्षा विशेषज्ञ डॉ. प्रेम शंकर मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान दौर में पूरी दुनिया एक वैश्विक ग्राम (ग्लोबल विलेज) का रूप ले चुकी है।

उन्होंने रेखांकित किया कि अतीत में विदेश नीति और कूटनीति के विमर्श केवल सत्ता के शीर्ष गलियारों या साउथ ब्लॉक तक सीमित माने जाते थे, लेकिन वर्तमान परिवेश में जन-जन और सुदूर गांवों तक इन विषयों पर जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय संबंधों और विदेश नीति के रणनीतिक पहलुओं को समझना अत्यंत आवश्यक है।

सामरिक और आर्थिक परिप्रेक्ष्य पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र वर्तमान में वैश्विक व्यापार की जीवनरेखा बन चुका है, जहां से संपूर्ण विश्व का लगभग 40 प्रतिशत और एशियाई महाद्वीप का 80 प्रतिशत समुद्री व्यापार संचालित होता है।

उन्होंने कहा कि अमेरिका के प्रभाव वाली क्वाड (QUAD) संरचना में आ रहे वैश्विक बदलावों के बीच भारत की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। मलक्का जलडमरूमध्य और निकोबार के समीप सिमलांग द्वीप जैसे रणनीतिक बिंदुओं पर निगरानी और आधारभूत विकास से भारत को दीर्घकालिक व्यापारिक व सुरक्षा लाभ प्राप्त होंगे। इंडोनेशिया के साथ व्यापारिक साझेदारी को विस्तार देने की अपार संभावनाएं हैं और वैश्विक अस्थिरता के दौर में दुनिया भारत के संतुलित नेतृत्व की ओर देख रही है।
संगोष्ठी के आयोजन सचिव डॉ. श्याम बिहारी श्रीवास्तव ने बताया कि इस शैक्षणिक विमर्श में विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय कूटनीति, रक्षा अध्ययन और विदेश नीति के व्यावहारिक पहलुओं को गहराई से समझने में सहायता मिली। संगोष्ठी में महाविद्यालय के प्राध्यापक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

