बरेली मंडल में 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 81 बसें चालान और 59 निरुद्ध
बरेली मंडल में अवैध बसों के संचालन के खिलाफ परिवहन विभाग ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत कार्रवाई की। नियम उल्लंघन पर 81 बसों का चालान और 59 बसें बंद की गईं।
उत्तर प्रदेश के बरेली मंडल में बिना परमिट और नियमों का उल्लंघन कर चलाई जा रही यात्री बसों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के दिशा-निर्देशों पर चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत बरेली, पीलीभीत, बदायूँ और शाहजहाँपुर जिलों में व्यापक जांच कार्रवाई की गई। इस अभियान के दौरान कुल 81 बसों का चालान किया गया, जबकि 59 अनधिकृत बसों को विभिन्न थानों में निरुद्ध कराया गया।
परिवहन विभाग द्वारा गठित आठ सदस्यीय विशेष प्रवर्तन दल ने अपर परिवहन आयुक्त के केडी सिंह गौर और उप परिवहन आयुक्त कमल प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में बरेली मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान बसों के परमिट, पंजीकरण, फिटनेस प्रमाण पत्र, कर, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र और राष्ट्रीय वाहन डेटाबेस से जुड़े सभी दस्तावेजों की गहन जांच की गई। मोटर वाहन अधिनियम तथा नियमावली का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ तत्काल विधिक कार्रवाई की गई।
जांच अधिकारियों के अनुसार अधिकांश वाहन अखिल भारतीय टूरिस्ट परमिट या कॉन्ट्रैक्ट कैरिज परमिट के तहत चलते पाए गए। बसों की बनावट में अनधिकृत बदलाव संबंधी शिकायतों को देखते हुए निरुद्ध किए गए वाहनों का कार्यपालक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में तकनीकी परीक्षण कराने की तैयारी है। यदि जांच में वाहनों में नियमविरुद्ध संरचनात्मक बदलाव पाया जाता है, तो उनके फिटनेस और परमिट रद्द करने जैसी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और पारदर्शी परिवहन व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
What's Your Reaction?




