UP Adulteration Crackdown: उत्तर प्रदेश में मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई, 11.66 करोड़ का माल जब्त और 6 जिलों में एफआईआर दर्ज
UP News: उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाकर 11.66 करोड़ रुपये की खाद्य सामग्री जब्त की है और 6 एफआईआर दर्ज की हैं।
उत्तर प्रदेश में लोगों को शुद्ध और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने मिलावटखोरों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान चलाया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर जांच और छापेमारी की कार्रवाई की है। इस विशेष अभियान के तहत विभाग ने पूरे राज्य में 3,537 जगहों पर निरीक्षण किया और 2,075 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान लगभग 11.66 करोड़ रुपये मूल्य की 2,929 क्विंटल से अधिक मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त की गई है, जबकि 63.17 लाख रुपये की असुरक्षित सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। गंभीर नियमों का उल्लंघन करने वाले बड़े मिलावटखोरों के खिलाफ शाहजहांपुर, मथुरा, अमरोहा, अलीगढ़, बदायूं और उन्नाव समेत छह जिलों में प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विभाग की आयुक्त डॉक्टर रोशन जैकब ने बताया कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य आम लोगों का बाजार में मिलने वाले सामानों पर भरोसा मजबूत करना और बड़े स्तर पर संगठित मिलावट करने वालों पर लगाम लगाना है। उन्होंने साफ किया कि अभियान के दौरान छोटे और खुदरा दुकानदारों को परेशान नहीं किया गया है, बल्कि ध्यान केवल उन लोगों पर रहा जो बड़े पैमाने पर नकली सामान बनाते हैं। इस कार्रवाई के दौरान दूध, घी, पनीर, खुले व पैक्ड मसाले, खाने का तेल, जैम, सॉस और पैकेज्ड पानी जैसी रोजमर्रा की चीजों की निर्माण इकाइयों की बारीकी से जांच की गई और संदिग्ध पाए जाने पर 2,965 नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया।
इस कार्रवाई के दौरान पानी, तेल और डेयरी उत्पादों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी पाई गई। पैकेज्ड पानी बनाने वाली इकाइयों पर की गई छापेमारी के बाद 41 लाइसेंस निलंबित किए गए और 57 इकाइयों को पूरी तरह बंद कर दिया गया। इसके अलावा, राज्य और देश के अन्य हिस्सों की 11 घी बनाने वाली कंपनियों के ब्रांड की बिक्री और भंडारण पर सुधार होने तक रोक लगा दी गई है। अलग-अलग शहरों में हुई बड़ी कार्रवाइयों में शाहजहांपुर में नकली रंग से रंगी सौंफ, अलीगढ़ में मिलावटी पनीर, अमरोहा में प्रतिबंधित पदार्थों से बन रहा मक्खन और बदायूं में रिफाइंड तेल से तैयार हो रहा नकली दूध व घी पकड़ा गया। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि खाने-पीने की चीजों में मिलावट को पूरी तरह से रोका जा सके।
Also Click : आषाढ़ में समृद्धि, कपि, ऊर्जा और समरस वन स्थापित करेगा वन विभाग, 18 जुलाई को हर विकास खंड में स्थापित होगा समृद्धि वन
What's Your Reaction?




