यूपी में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर बड़ा एक्शन: नकली सॉस और अचार बनाने वाली कई फैक्ट्रियां सील, दो जिलों में एफआईआर दर्ज
उत्तर प्रदेश में नकली सॉस, जैम और मिलावटी खाद्य उत्पादों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाकर 801 नमूने जांच के लिए भेजे गए और कई अवैध फैक्ट्रियां सील की गईं।
उत्तर प्रदेश में मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने पूरे राज्य में एक बड़ा अभियान चलाया है। इस विशेष जांच अभियान के तहत सॉस, जैम, जेली, मयोनीज और चटनी बनाने वाली इकाइयों, बड़े वितरकों और थोक विक्रेताओं के ठिकानों पर अचानक छापेमारी की गई।
जांच के दौरान अधिकारियों ने स्वच्छता, कच्चे माल की शुद्धता, पैकेजिंग और सरकारी मानकों की बारीकी से पड़ताल की। इस पूरी कार्रवाई के दायरे से छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों को दूर रखा गया है। अभियान के दौरान राज्य भर में कुल 496 ठिकानों पर जांच की गई, जहां से 801 संदिग्ध नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इस कार्रवाई में लगभग 27.77 लाख रुपये की कीमत का 338.61 क्विंटल खाद्य पदार्थ जब्त किया गया, जबकि इंसानी सेहत के लिए खतरनाक पाए गए करीब 17.56 लाख रुपये मूल्य के 259.33 क्विंटल खराब माल को तुरंत नष्ट करा दिया गया।
इस बड़ी कार्रवाई के दौरान शाहजहाँपुर और उन्नाव जिलों में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर दो लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। शाहजहाँपुर में खराब हो चुकी सौंफ को रासायनिक रंगों से चमकाकर नया बनाने का खेल चल रहा था, जबकि उन्नाव में खतरनाक केमिकल और रंग मिलाकर नकली सॉस तैयार की जा रही थी।
विभिन्न जिलों में हुई बड़ी कार्रवाइयों का विवरण:
-
लखनऊ और कानपुर: लखनऊ में बॉम्बे फूड इंडस्ट्रीज से समय सीमा पार कर चुका 458 किलोग्राम सॉस सीज किया गया। बिना लाइसेंस चल रही बाबा फूड प्रोडक्ट्स को बंद कराया गया और नीलंस एंटरप्राइजेज का 2269 किलोग्राम खराब अचार व चिली सॉस नष्ट किया गया। कानपुर नगर में विशाल भारत इंडस्ट्रीज का 8600 लीटर खराब सॉस नष्ट कराया गया। वहीं, श्री कांत अचार वाले के यहां से 3060 किलोग्राम अचार जब्त कर परिसर को सील किया गया। इसके अलावा स्पार्क होम प्रोडक्ट्स और जीएसएस एंटरप्राइजेस से भारी मात्रा में मिलावटी सॉस जब्त की गई।
-
मथुरा और गाजियाबाद: मथुरा की एस.आर. एंटरप्राइजेज, मानसी गंगा फूड्स और विवेक फूड प्रोडक्ट्स पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में दूषित अचार सामग्री और खराब टोमैटो सॉस नष्ट कराया गया। गाजियाबाद में राहुल अचार वाले के यहां गंदगी के बीच रखा 2400 किलोग्राम अचार नष्ट किया गया, जबकि खोड़ा और आदर्श नगर क्षेत्र में चल रही दो अवैध अचार फैक्ट्रियों को पूरी तरह सील कर दिया गया।
-
हाथरस और मुजफ्फरनगर: हाथरस की मेहता एग्रो फूड फैक्ट्री में दूषित माहौल में बन रहा 6300 किलोग्राम अचार और नवनीत गटानी के ठिकाने से भारी मात्रा में खराब चाशनी नष्ट कराई गई। मुजफ्फरनगर के अन्नपूर्णा फूड प्रोडक्ट्स में गंदगी के बीच बन रहा 2000 किलोग्राम स्नैक्स सॉस नष्ट किया गया।
-
अन्य जिले: बागपत, गोरखपुर, कासगंज, हापुड़, चंदौली, मऊ, वाराणसी, बरेली और सहारनपुर में भी खाद्य विभाग की टीमों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। गोरखपुर की रितिमा फूड प्रोडक्ट्स में गंदगी मिलने पर सॉस नष्ट की गई। हापुड़ में डैंगी एग्रो फूड्स से टोमैटो कैचप की 572 बोतलें जब्त की गईं, जबकि चंदौली में भारी मात्रा में मिलावटी आंवला मुरब्बा और पपाया क्यूब्स जब्त किए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने साफ किया है कि इस अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं की सेहत की रक्षा करना है। इसके साथ ही फील्ड में तैनात टीमों को सख्त हिदायत दी गई है कि किसी भी निर्दोष या छोटे फुटकर कारोबारी को परेशान न किया जाए, लेकिन सेहत से खिलवाड़ करने वाले बड़े मिलावटखोरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
What's Your Reaction?




