हरदोई में रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध रसगुल्ला फैक्ट्री और खोया इकाई पर छापा, सवा क्विंटल मिलावटी मिठाई नष्ट
हरदोई में रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग ने अवैध रसगुल्ला और खोया फैक्ट्रियों पर छापेमारी की। भारी मात्रा में मिलावटी खाद्य सामग्री नष्ट कर इकाइयां बंद कराई गईं।
रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत आम नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने हरदोई जिले में सघन जांच अभियान छेड़ दिया है। शासन के उच्चाधिकारियों से मिले निर्देशों के अनुपालन में जांच दल ने विभिन्न स्थानों पर संचालित अवैध और अस्वास्थ्यकर खाद्य निर्माण इकाइयों पर औचक छापेमारी कर सख्त कार्रवाई की है। इस दौरान भारी मात्रा में मिलावटी व दूषित मिठाइयां और कच्चा माल जब्त कर नष्ट कराया गया, साथ ही बिना वैध लाइसेंस चल रहे प्रतिष्ठानों को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया गया।
अभियान के तहत पहली बड़ी कार्रवाई विकास नगर क्षेत्र में आरा मशीन के निकट संचालित एक अवैध रसगुल्ला कारखाने पर की गई। यहां कारोबारी उदय भान द्वारा अत्यंत गंदे और अस्वास्थ्यकर वातावरण में बड़े पैमाने पर मिलावटी रसगुल्ले तैयार किए जा रहे थे। जांच टीम ने मौके से मिलावट के लिए उपयोग में लाई जा रही सूजी, वनस्पति घी, रिफाइंड तेल और सूखा दूध पाउडर बरामद किया। टीम ने गुणवत्ता जांच के लिए रसगुल्ले के दो और छेना का एक नमूना एकत्र कर प्रयोगशाला भेजा। इसके साथ ही मौके पर मौजूद सवा क्विंटल तैयार रसगुल्ले और एक क्विंटल दूषित छेना को पूरी तरह नष्ट करवा दिया गया। बिना किसी वैध लाइसेंस के संचालित पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत इस फैक्ट्री को सील करते हुए बंद करा दिया गया।
दूसरी कार्रवाई संडीला क्षेत्र के सिरौली कासिमपुर स्थित एक खोया निर्माण इकाई पर की गई। कारोबारी राजेश कुमार के परिसर में जांच के दौरान खोया के दो और दूध का एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया। अमानक और उपयोग के अयोग्य पाए गए लगभग एक क्विंटल दूध को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। खाद्य कारोबार का वैध पंजीकरण या लाइसेंस न होने के कारण अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत इस इकाई को भी वैध अनुमति प्राप्त होने तक संचालन तत्काल बंद रखने का आदेश दिया गया है। विभाग ने दोनों मामलों में विधिक कार्रवाई शुरू करते हुए स्पष्ट किया है कि त्योहार के अवसर पर मिलावटखोरी के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Also Click : Hardoi: महिला जनसुनवाई में राज्य महिला आयोग सदस्य ने सुनीं 28 शिकायतें, अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
What's Your Reaction?







