Hardoi: इनर व्हील क्लब की पहल से बच्चों में जागी सुरक्षा और स्वच्छता की अलख, 300 विद्यार्थी हुए शामिल
इनर व्हील क्लब हरदोई डी.ओ.डी. द्वारा बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ एवं जागरूक भविष्य के उद्देश्य से ‘प्रोजेक्ट रोशनी’ के अंतर्गत
हरदोई। इनर व्हील क्लब हरदोई डी.ओ.डी. द्वारा बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ एवं जागरूक भविष्य के उद्देश्य से ‘प्रोजेक्ट रोशनी’ के अंतर्गत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज हरदोई शहर के जे.के. पब्लिक स्कूल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 300 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।क्लब की पास्ट प्रेसिडेंट पूजा जैन द्वारा इस प्रोजेक्ट का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी विभिन्न विद्यालयों में आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक बच्चे अपनी सुरक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक बन सकें
कार्यक्रम में बच्चों को गुड टच-बैड टच, व्यक्तिगत सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, स्वस्थ भोजन तथा बाल शोषण से बचाव के बारे में सरल एवं रोचक तरीके से जानकारी दी गई। बच्चों को समझाया गया कि कौन-सा स्पर्श सुरक्षित है और कौन-सा असुरक्षित। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि किसी असहज परिस्थिति में उन्हें चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति से अपनी बात साझा करनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान हेल्दी फूड और अनहेल्दी फूड के बारे में भी जागरूक किया गया। बच्चों को फल, हरी सब्जियां, दालें, दूध एवं पर्याप्त पानी जैसे पौष्टिक आहार के महत्व के साथ-साथ जंक फूड और अत्यधिक तले-भुने खाद्य पदार्थों से होने वाले नुकसान बताए गए। इसके अतिरिक्त बच्चों को हाथ धोने की सही विधि, व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई और स्वस्थ आदतों के बारे में भी जानकारी दी गई।
क्लब की अध्यक्ष सोनिया मिश्रा ने कहा, “प्रोजेक्ट रोशनी का उद्देश्य बच्चों के जीवन में जागरूकता की ऐसी रोशनी पहुंचाना है, जो उन्हें सुरक्षित, स्वस्थ और आत्मविश्वासी बनाए। आज लगभग 300 बच्चों की सहभागिता इस अभियान की सफलता और बच्चों की उत्सुकता को दर्शाती है।” कार्यक्रम में अनुराधा मिश्रा, सी.जी.आर. सुप्रिया सेठ एवं अंजू पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए इस जागरूकता अभियान की सराहना की। प्रोजेक्ट रोशनी — सुरक्षित बचपन, स्वस्थ बचपन और उज्ज्वल भविष्य की ओर एक सार्थक पहल।
What's Your Reaction?







