सम्भल में गरजी भीम आर्मी, 2027 के रण की तैयारी तेज: 403 सीटों पर चुनावी तैयारी का दावा, शिक्षा-बेरोजगारी बनेंगे बड़े मुद्दे

सम्भल के ग्राम महमूदपुर इम्मा में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी की जनसभा आयोजित हुई। संगठन ने 2027 चुनाव की तैयारियों और मुद्दों पर रणनीति साझा की।

Aug 9, 2026 - 19:54
 0  2
सम्भल में गरजी भीम आर्मी, 2027 के रण की तैयारी तेज: 403 सीटों पर चुनावी तैयारी का दावा, शिक्षा-बेरोजगारी बनेंगे बड़े मुद्दे

Report : उवैस दानिश, सम्भल

थाना रायसत्ती क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर इम्मा में भीम आर्मी भारत एकता मिशन और आजाद समाज पार्टी के तत्वावधान में विशाल सामाजिक एवं संगठनात्मक जनसभा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में संगठन विस्तार के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर दिया गया।

सभा में पहुंचीं भीम आर्मी स्टूडेंट फेडरेशन की स्टेट कोऑर्डिनेटर इंजीनियर अमिता बौद्ध ने कहा कि संगठन का विस्तार उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दों को लेकर शिक्षा, चुनाव और जनरेशन की लड़ाई साथ मिलकर लड़नी होगी।

उन्होंने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में कथित धांधली, शोषण और दमनकारी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने की बात कही। वहीं भीम आर्मी के प्रदेश महासचिव विकास बाबू ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया।

उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रही है और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि करीब 45 विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी बनाए जा चुके हैं, जबकि जल्द ही करीब 100 लोगों की सूची जारी होने की बात कही गई है।

विकास बाबू ने कहा कि आगामी चुनाव में शिक्षा, बेरोजगारी और जनसमुदाय से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि दलित, मुस्लिम और ओबीसी समेत विभिन्न वर्गों का समर्थन आजाद समाज पार्टी को मिल रहा है।

एआईएमआईएम से गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने गठबंधन के लिए दरवाजे खुले रखे हैं और जो भी दल साथ आना चाहता है, उसका स्वागत है। कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष शहजाद खां ने किया। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Also Click : सम्भल के मदरसे में गूंजा तिरंगे का संदेश, बच्चों को 15 अगस्त पर ‘घर-घर झंडा’ लगाने की दी गई सीख

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow