संभल में भीम आर्मी का 11वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया, कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार का लिया संकल्प
संभल में भीम आर्मी के 11वें स्थापना दिवस पर केक काटकर जश्न मनाया गया। जिलाध्यक्ष गोविंदा सागर की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव संगठन विस्तार का संकल्प लिया।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
संभल में भीम आर्मी का 11वां स्थापना दिवस आयोजित, गांव-गांव तक संगठन पहुंचाने का बना प्लान
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में भीम आर्मी भारत एकता मिशन का 11वां स्थापना दिवस समारोह जिलाध्यक्ष गोविंदा सागर के नेतृत्व में उत्साहपूर्वक मनाया गया। जिला इकाई द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम और समीक्षा बैठक में जिले भर से सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। समारोह के दौरान केक काटकर स्थापना दिवस की खुशियां साझा की गईं और संगठन के कैडर को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गोविंदा सागर ने बताया कि इस स्थापना दिवस समारोह में लगभग 200 से 300 सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और मान्यवर कांशीराम की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके साथ ही भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीन रतन के दिशा-निर्देशों एवं संदेशों को आम जनता के बीच ले जाने की रूपरेखा तैयार की गई।
समीक्षा बैठक में संगठन की भविष्य की रणनीतियों पर गहन मंथन हुआ। उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तय किया कि स्थापना दिवस का आयोजन केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके तुरंत बाद गांव-गांव और घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत अधिक से अधिक युवाओं और नागरिकों को भीम आर्मी की विचारधारा से जोड़ा जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि अगले वर्ष का स्थापना दिवस इससे भी अधिक विशाल और भव्य रूप में आयोजित करने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें हजारों लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए सदस्यता अभियान में तेजी लाई जाएगी। कार्यक्रम का समापन सामाजिक न्याय की अलख जगाने और संगठन के उद्देश्यों के प्रति निष्ठा दोहराने के साथ हुआ।
What's Your Reaction?




