सीएम योगी करेंगे भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ, किसानों को मिलेगा तोहफा
सीएम योगी लखनऊ में भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ करेंगे। ई-पोर्टल, मोबाइल ऐप लॉन्चिंग के साथ किसानों को ऋण पत्र बांटे जाएंगे।
उत्तर प्रदेश में ग्रामीण परिवहन और खेती-किसानी को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजधानी लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास से ‘भारत टैक्सी’ और ‘मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना’ की विधिवत शुरुआत करेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के जरिए किसानों, वाहन चालकों और आम यात्रियों को एक साथ कई सौगातें मिलेंगी।
समारोह के दौरान डिजिटल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के आधिकारिक ई-पोर्टल mkksylb.in का अनावरण होगा। इसके अतिरिक्त सहकारिता विभाग के ‘उर्वरक सेतु’ मोबाइल ऐप तथा उत्तर प्रदेश को-ऑपरेटिव डेटाबेस सेंटर के विशेष ऐप ‘यूपीसीडीसी’ को भी सार्वजनिक उपयोग के लिए पेश किया जाएगा। इन डिजिटल प्लेटफॉर्मों के जरिए किसानों को खाद, बीज और सहकारिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी सीधे उनके मोबाइल पर मिल सकेगी।
ग्रामीण और शहरी यातायात को सुगम बनाने के लिए हवाई अड्डा प्राधिकरण, लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन, लखनऊ पुलिस और भारत टैक्सी सेवा प्रदाताओं के बीच एक संयुक्त सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इस समझौते से यात्रियों को स्टेशनों और एयरपोर्ट से सुरक्षित और सुगम यात्रा का विकल्प मिलेगा। आयोजन में भारत टैक्सी से जुड़ने वाले वाहन चालकों (सारथियों) को शेयर प्रमाण पत्र भी सौंपे जाएंगे, जिससे वे इस व्यवस्था में केवल चालक न रहकर हिस्सेदार भी बन सकेंगे।
खेती को लाभ का धंधा बनाने और किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के चयनित लाभार्थियों को मौके पर ऋण स्वीकृति पत्र बांटे जाएंगे। इस उच्चस्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयेंद्र प्रताप सिंह राठौर तथा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे।
Also Click : 50 की स्पीड लिमिट, 60 पर भी राहत… फिर भी नहीं सुधरे तो कटेगा ₹2000 का चालान!
What's Your Reaction?