मसूरी में अग्निवीर योजना के खिलाफ कांग्रेस का बिगुल, प्रदेशभर में रैलियों का ऐलान।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी ने अग्निपथ योजना के तहत चल रही अग्निवीर भर्ती पर
- सीडीएस बिपिन रावत के संदर्भ में अग्निवीर पर सवाल, नेगी बोले सेना की परंपरा से समझौता नहीं
रिपोर्टर सुनील सोनकर
मसूरी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी ने अग्निपथ योजना के तहत चल रही अग्निवीर भर्ती पर सवाल उठाते हुए प्रदेशभर में रैलियां आयोजित करने का ऐलान किया है। मसूरी के एक स्थानीय होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि चार वर्ष की अल्पकालिक सेवा से सेना की परंपरा, अनुशासन और दीर्घकालिक संरचना प्रभावित हो सकती है।
कर्नल नेगी ने देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत का उल्लेख करते हुए कहा कि सैन्य सुधार व्यापक विमर्श और चरणबद्ध तरीके से लागू होने चाहिए। उनका आरोप था कि योजना लागू करने से पहले युवाओं, पूर्व सैनिकों और सैन्य विशेषज्ञों से पर्याप्त सलाह नहीं ली गई।
उन्होंने चेतावनी दी कि चार साल बाद बड़ी संख्या में युवाओं का भविष्य अनिश्चित हो सकता है, जिससे सामाजिक और आर्थिक चुनौतियां बढ़ेंगी। कर्नल नेगी ने बताया कि सैनिक परिवारों, पूर्व सैनिकों और युवाओं के साथ संवाद कर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने राज्य सरकार से सैनिक परिवारों की भावनाएं केंद्र तक पहुंचाने की मांग की। प्रेस वार्ता में मौजूद पूर्व सैनिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी योजना पर पुनर्विचार की मांग की। कर्नल नेगी ने स्पष्ट किया कि आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक ढंग से चलाया जाएगा।
Also Read- Bajpur : पीडब्ल्यूडी विभाग लेबडा पुल का निर्माण बरसात से पहले कराए अनिल बाल्मीकि
What's Your Reaction?











