सम्भल में कांग्रेस की 'सद्बुद्धि पदयात्रा', भ्रष्टाचार के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
सम्भल में कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को कथित भ्रष्टाचार और सरकारी भूमि घोटालों के विरोध में "सद्बुद्धि पदयात्रा" निकालकर
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को कथित भ्रष्टाचार और सरकारी भूमि घोटालों के विरोध में "सद्बुद्धि पदयात्रा" निकालकर दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। यह पदयात्रा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई।
जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की ने कहा कि यह आंदोलन जनता के हितों की रक्षा और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से निकाला गया है। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी हों, चाहे वे कितने ही ऊंचे पद पर क्यों न हों, उनके खिलाफ निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कोई मामूली घटना नहीं है, इसलिए सरकार को पूरे मामले की पारदर्शी जांच करानी चाहिए। पदयात्रा की शुरुआत कांग्रेस के जिला कार्यालय, चंदौसी रोड से हुई। इसके बाद कार्यकर्ता चंदौसी चौराहा, यशोदा चौराहा और शंकर चौराहा होते हुए सूरजकुंड मंदिर पहुंचे, जहां यात्रा का समापन किया गया। यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार के खिलाफ नारे लगाए और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सूरजकुंड मंदिर पर समापन के दौरान आरिफ तुर्की ने कहा कि यहां मंदिर और बाबा मल्लक साहब की दरगाह दोनों मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि वे ईश्वर और अल्लाह से प्रार्थना करते हैं कि ऐसे लोगों को सद्बुद्धि मिले जो जनता के हितों के साथ खिलवाड़ करते हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि दोषियों पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आगे भी जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रखेगी।
Also Read- दंगाइयों के मुकदमे वापस लेने का प्रयास करती थी सपा सरकार: सीएम योगी
What's Your Reaction?




