Hapur: मंदिर जा रहे रिटायर्ड फौजी पर कार सवार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, गंभीर रूप से घायल।
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के ग्राम श्यामपुर जट्ट में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर जा रहे एक रिटायर्ड फौजी पर
हापुड़: थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के ग्राम श्यामपुर जट्ट में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर जा रहे एक रिटायर्ड फौजी पर कार सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से रिटायर्ड फौजी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के लिए रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम श्यामपुर जट्ट निवासी कर्मवीर सिंह करीब 20 वर्ष पूर्व भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। शनिवार सुबह वह रोज की तरह अपने घर से मंदिर जाने के लिए निकले थे। जैसे ही वह गांव के रास्ते पर कुछ दूरी पर पहुंचे, तभी अचानक एक कार वहां आकर रुकी, जिसमें सवार बदमाशों ने बिना किसी चेतावनी के उन पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली कर्मवीर सिंह को जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और ग्रामीण मौके की ओर दौड़े।
घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बाबूगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ रेफर कर दिया। फिलहाल घायल का उपचार मेरठ के अस्पताल में चल रहा है।घटना की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही आपसी रंजिश सहित अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस की टीमें बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही हैं।
Also Read- गुरुग्राम क्लब में शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर 25 वर्षीय महिला को मारी गोली, दो आरोपी गिरफ्तार।
What's Your Reaction?









