Deoband News: द दून वैली पब्लिक स्कूल में 'संविधान दिवस' पर विद्यार्थियों ने ली शपथ
द दून वैली पब्लिक स्कूल, देवबंद में 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया
देवबंद: द दून वैली पब्लिक स्कूल, देवबंद में 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संविधान के आदर्शों को आत्मसात करने की शपथ लेते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भाषण के माध्यम से भारतीय संविधान के महत्व, उसके निर्माण, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। साथ ही संविधान के निर्माण में सहभागिता करने वाले सदस्यों का परिचय देकर उनकी भूमिकाओं के महत्त्व को बताया।

विद्यालय के चेयरमैन राजकिशोर गुप्ता ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करे तथा अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को बचपन से ही संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों की समझ होना आवश्यक है। एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए न्याय, समानता, अनुशासन एवं आपसी सद्भाव की भावना को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता, राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना रहा।
What's Your Reaction?

