Deoband : अधिकारियों की तानाशाही से डूबेगी सरकार, पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने अपनी ही पार्टी के प्रशासन पर साधा निशाना
क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को लेकर पूर्व विधायक ब्लॉक सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचीं। वहां उन्होंने जिलाधिकारी से मुलाकात कर जनता की दिक्कतों को दूर करने की मांग उठाई। इस दौरान उन्होंने बिजली की कटौती, पानी का संकट, बदहाल कानून व्यवस्था औ
देवबंद में पूर्व भाजपा विधायक शशिबाला पुंडीर ने स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली पर बेहद तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उनके पूरे राजनीतिक जीवन में उन्होंने इतना बेलगाम और तानाशाह प्रशासन कभी नहीं देखा। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि हर तरफ भ्रष्टाचार और लूट मची है, जनता बुरी तरह परेशान है और अधिकारी पूरी तरह अपनी मनमर्जी चला रहे हैं।
क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को लेकर पूर्व विधायक ब्लॉक सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचीं। वहां उन्होंने जिलाधिकारी से मुलाकात कर जनता की दिक्कतों को दूर करने की मांग उठाई। इस दौरान उन्होंने बिजली की कटौती, पानी का संकट, बदहाल कानून व्यवस्था और थानों में सुनवाई न होने जैसे गंभीर मुद्दों को मजबूती से सामने रखा। पूर्व विधायक ने शिकायत की कि गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। इस मामले में वे जल्द ही राज्य के डीजीपी से मिलकर शिकायत करेंगी। जिलाधिकारी ने उनकी बातें सुनकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इसके बाद देवबंद डाकबंगले में लोगों की समस्याएं सुनते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि पुलिस प्रशासन पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। थानों में आम आदमी की कोई सुनवाई नहीं हो रही है और पीड़ित लोग न्याय के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने गंभीर आरोप लगाया कि अपराधी, दलाल और सत्ता का फायदा उठाने वाले कुछ लोग मिलकर आम जनता का शोषण कर रहे हैं। उन्होंने अपनी ही सरकार को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर समय रहते इस अफसरशाही और अधिकारियों की तानाशाही पर रोक नहीं लगाई गई, तो यही रवैया सरकार के पतन का सबसे बड़ा कारण बनेगा।
What's Your Reaction?


