Hardoi: माता मंगला देवी मंदिर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, ₹1.95 करोड़ की स्वीकृति की कवायद तेज
सांडी नगरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। हरदोई लोकसभा क्षेत्र के सांसद जय प्रकाश के प्रयासों से सांडी नगर पालिका परिषद
हरदोई/सांडी। सांडी नगरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। हरदोई लोकसभा क्षेत्र के सांसद जय प्रकाश के प्रयासों से सांडी नगर पालिका परिषद क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध माता मंगला देवी मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में कार्यवाही आगे बढ़ी है। मंदिर परिसर में विभिन्न विकास कार्यों के लिए ₹1 करोड़ 95 लाख की धनराशि की द्वितीय स्वीकृति दिए जाने का प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजा गया है।
सांसद जय प्रकाश ने उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री को पत्र भेजकर मंदिर परिसर में इंटरलॉकिंग, विश्रामालय, वाटर कियोस्क, बेंच, साइनेज और प्रकाश व्यवस्था समेत आवश्यक विकास कार्य कराए जाने के लिए ₹1,95,00,000 की द्वितीय स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया था।
इस मामले में नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के कार्यालय से सांसद के पत्र को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रमुख सचिव, नगर विकास विभाग को भेज दिया गया है। इससे मंदिर के विकास कार्यों को जल्द गति मिलने की उम्मीद जगी है। मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण की पहल पर सांडी नगरवासियों ने सांसद जय प्रकाश का आभार व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्य पूरे होने से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन महत्व को भी बढ़ावा मिलेगा। नगरवासियों ने उम्मीद जताई कि प्रस्तावित धनराशि की स्वीकृति जल्द मिल जाएगी और विकास कार्य शीघ्र धरातल पर दिखाई देंगे।
What's Your Reaction?







