Sitapur News Today: दिव्यांगों की समस्याओं के समाधान को फाउंडेशन ने कसी कमर, आवास-शौचालय योजनाओं में मनमानी का आरोप
आत्मनिर्भर दिव्यांग एकता फाउंडेशन की मासिक बैठक बुधवार को सदर तहसील क्षेत्र के विशुन नगर चौराहा स्थित
सीतापुर से संदीप चौरसिया की रिपोर्ट
खैराबाद/सीतापुर: आत्मनिर्भर दिव्यांग एकता फाउंडेशन की मासिक बैठक बुधवार को सदर तहसील क्षेत्र के विशुन नगर चौराहा स्थित फाउंडेशन कार्यालय परिसर में आयोजित हुई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे दिव्यांगजनों और निराश्रित महिलाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। इस दौरान संगठन की मजबूती, एकजुटता और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर चर्चा हुई।
बैठक में दिव्यांगजनों और निराश्रित महिलाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं पदाधिकारियों के समक्ष रखीं। इनमें आवास, शौचालय, पेंशन समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंचने की शिकायतें प्रमुख रहीं। पदाधिकारियों ने समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाने और जरूरत पड़ने पर आंदोलन करने की रणनीति बनाई।
बैठक की अध्यक्षता फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव सिंह ने की। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों और निराश्रित महिलाओं के अधिकारों के लिए संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा। पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। फाउंडेशन की प्रबंधक/सचिव बिन्दू मौर्या ने आरोप लगाया कि खैराबाद विकासखंड में पात्र दिव्यांगजनों और निराश्रित महिलाओं को आवास एवं शौचालय जैसी योजनाओं का लाभ देने में मनमानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व में समस्याओं के समाधान और शिकायतों की जांच की मांग को लेकर फाउंडेशन के नेतृत्व में दिव्यांगजन खैराबाद ब्लॉक से जिलाधिकारी कार्यालय की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एसडीएम सदर जनार्दन ने संगठन के प्रतिनिधियों से वार्ता कर मामले में जांच कराने का आश्वासन दिया था और 15 दिन का समय मांगा था। बिन्दू मौर्या का कहना है कि आश्वासन दिए करीब तीन माह बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक जांच आख्या उपलब्ध नहीं कराई गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीडीओ और एडीओ पंचायत द्वारा मामले की जांच के संबंध में अधिकारियों को भी गुमराह किया जा रहा है। पूर्व में की गई शिकायतों की जांच के संबंध में बीडीओ और एडीओ पंचायत से आख्या मांगी गई थी, लेकिन रिपोर्ट न मिलने से संगठन में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र जांच पूरी कर आख्या उपलब्ध नहीं कराई गई तो आत्मनिर्भर दिव्यांग एकता फाउंडेशन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता खैराबाद ब्लॉक का घेराव कर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को संगठित कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना, आत्मनिर्भर बनाना तथा समाज की मुख्यधारा में सम्मानजनक स्थान दिलाना रहा। इस अवसर पर राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विजय पाल, गुड्डू, हरिलाल, वीरेंद्र, मानसी, कुलदीप समेत संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?







