Bahraich: डीएम अक्षय त्रिपाठी सख्त: पेट्रोल-डीजल और गैस आपूर्ति पर विशेष निगरानी, जमाखोरी पर होगी कार्रवाई।
जनपद में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की सुगम आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जमाखोरी व अनियमितताओं पर अंकुश लगाने
बहराइच। जनपद में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की सुगम आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जमाखोरी व अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने सख्त कदम उठाया है। डीएम के निर्देश पर नगर क्षेत्र समेत सभी तहसीलों में विशेष निगरानी टीमें गठित कर दी गई हैं, जो लगातार भ्रमण कर पेट्रोल पम्पों और गैस एजेंसियों की गतिविधियों पर नजर रखेंगी। प्रशासन का साफ संदेश है कि उपभोक्ताओं के साथ किसी भी तरह की मनमानी या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर डीजल-पेट्रोल पम्पों और गैस एजेंसियों की नियमित जांच करें। यह सुनिश्चित किया जाए कि नागरिकों को नियमानुसार ईंधन और गैस सिलेंडर की आपूर्ति मिलती रहे। यदि कहीं भी जमाखोरी, कालाबाजारी या आपूर्ति में लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित पम्प या एजेंसी संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर क्षेत्र में गठित टीम का नेतृत्व नगर मजिस्ट्रेट करेंगे, जिसमें जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, पुलिस अधिकारी, विधिक माप विज्ञान विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक तथा ऑयल और एलपीजी कंपनियों के विक्रय अधिकारी शामिल किए गए हैं। इसी प्रकार तहसील सदर, पयागपुर, कैसरगंज, महसी, नानपारा और मोतीपुर में भी उप जिलाधिकारियों के नेतृत्व में संयुक्त टीमें बनाई गई हैं, जिनमें पूर्ति विभाग, पुलिस और संबंधित कंपनियों के अधिकारी शामिल रहेंगे।
प्रशासन की इस सख्ती के बाद पेट्रोल पम्प और गैस एजेंसियों में हलचल बढ़ गई है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में ईंधन और गैस की आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी और उपभोक्ताओं को उनका हक समय पर मिलेगा। वहीं आम लोगों ने भी प्रशासन की इस पहल को राहत भरा कदम बताया है।
Also Read- Lucknow: विकास और औद्योगिक प्रगति की नई ऊंचाईयों को छू रहा नए भारत का नया उत्तर प्रदेश- नन्दी
What's Your Reaction?











