Sambhal: शादी की तैयारियों पर आग का कहर: दो बेटियों के दहेज का सामान, नकदी और जेवर जलकर राख, लाखों का नुकसान

सम्भल के रुकनुद्दीन सराय इलाके में एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब देर रात अचानक घर में

Jun 13, 2026 - 13:13
202 Views
Sambhal: शादी की तैयारियों पर आग का कहर: दो बेटियों के दहेज का सामान, नकदी और जेवर जलकर राख, लाखों का नुकसान
शादी की तैयारियों पर आग का कहर: दो बेटियों के दहेज का सामान, नकदी और जेवर जलकर राख, लाखों का नुकसान

उवैस दानिश, सम्भल

सम्भल के रुकनुद्दीन सराय इलाके में एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब देर रात अचानक घर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर घर में रखा नकद पैसा, जेवरात, कपड़े और दो बेटियों की शादी के लिए जुटाया गया दहेज का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार ने लाखों रुपये के नुकसान का दावा किया है।

पीड़िता खुर्शीदा पत्नी मौहम्मद जमील के अनुसार, वह परिवार सहित एक दावत में गए हुए थे। रात करीब 10 बजे जब वे वापस लौटे तो घर से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग पूरे मकान में फैल गई और घर में रखा सारा सामान जल गया। परिवार का कहना है कि चार महीने बाद उनकी दो बेटियों फिजा और गौसिया की शादी होनी थी, जिसके लिए वर्षों से सामान और नकदी जुटाई जा रही थी। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीन-चार समरसेबल चलाकर आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आर्थिक रूप से परिवार को भारी नुकसान पहुंचा है। पूर्व प्रधान मौहम्मद आसिफ ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। उन्होंने बताया कि घर में दहेज का सामान, नकदी, जेवरात और अन्य घरेलू सामान रखा था, जो पूरी तरह जल गया। राजस्व विभाग की टीम और लेखपाल ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया है। पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आर्थिक रूप से टूट चुके इस परिवार को जल्द से जल्द उचित मुआवजा और सहायता प्रदान की जाए, ताकि दो बेटियों की शादी की तैयारियां दोबारा शुरू हो सकें।

Also Read- Lucknow : योगी सरकार की छात्रवृत्ति योजना से लाखों छात्रों को मिला सहारा, प्रयागराज रहा प्रदेश में अव्वल

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow