दिल्ली में दिव्यांग महागठबंधन की पहली राष्ट्रीय बैठक संपन्न, राष्ट्रीय विस्तार पर बनी सहमति
देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित शांति गांधी प्रतिष्ठान में दिव्यांग महागठबंधन (DMG) की पहली राष्ट्रीय बैठक आयोजित
नई दिल्ली। देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित शांति गांधी प्रतिष्ठान में दिव्यांग महागठबंधन (DMG) की पहली राष्ट्रीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में देश के विभिन्न राज्यों से आए दिव्यांग संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्षों, प्रदेश अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में दिव्यांगजनों के अधिकारों, संगठन के राष्ट्रीय विस्तार और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता मनीष प्रसाद श्रीवास्तव, पंकज त्रिपाठी, वीरेंद्र कुमार एवं श्री जितेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद से पहुंचे दिव्यांग युवा शक्ति संगठन (DYS) के राष्ट्रीय अध्यक्ष दुर्वेश कुशवाहा 'आजाद' का सम्मान भी किया गया।
अपने संबोधन में दुर्वेश कुशवाहा 'आजाद' ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दिव्यांग महागठबंधन के बैनर तले दिव्यांगजनों के अधिकारों के लिए कई आंदोलन, बैठकें और ज्ञापन दिए गए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि अब संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करने का समय है।
उन्होंने प्रस्ताव रखा कि संगठन का नाम "राष्ट्रीय दिव्यांग महागठबंधन" किया जाए तथा राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित कर संगठन का विस्तार किया जाए। साथ ही प्रत्येक राज्य में एक-एक प्रतिनिधि नियुक्त कर राज्य स्तरीय समितियों का गठन किया जाए, ताकि दिव्यांगजनों की समस्याओं और अधिकारों के लिए प्रभावी ढंग से कार्य किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि दिव्यांग युवा शक्ति संगठन (DYS) दिव्यांगजनों के हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाले प्रत्येक संगठन और व्यक्ति के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
बैठक को संबोधित करते हुए DMG अध्यक्ष श्री मनीष प्रसाद श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि देशभर के दिव्यांग संगठनों का एक मंच पर आना एक सकारात्मक पहल है। वहीं महासचिव श्री वीरेंद्र कुमार ने सभी प्रतिभागियों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि इन्हें सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन श्री पंकज त्रिपाठी एवं धर्मवीर शर्मा ने किया।
बैठक में दिल्ली से लक्ष्मीकांत, झारखंड से नागेश कुमार, उत्तर प्रदेश से एहसानुल हक, महोबा से मुकेश भारती, लखनऊ से अजीत सिंह आजाद एवं दिनेश सहित विभिन्न राज्यों और जिलों से आए सैकड़ों दिव्यांग संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के समापन के बाद दिव्यांग महागठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों के समर्थन में चल रहे धरना-प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन व्यक्त किया। इस दौरान दुर्वेश कुशवाहा 'आजाद', धर्मेंद्र यादव, एहसानुल हक एवं दिनेश ने संबंधित छात्र संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके को समर्थन पत्र सौंपते हुए कहा कि दिव्यांग महागठबंधन छात्रों की लोकतांत्रिक मांगों के समर्थन में उनके साथ खड़ा है।
Also Click : Sambhal : नबी-ए-करीम और हज़रत आयशा पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में दी तहरीर
What's Your Reaction?




