गोमती नगर विस्तार में फ्लड पम्पिंग स्टेशन बनकर तैयार, 7.5 करोड़ रूपये की लागत से बना है 400 के0एल0 क्षमता का पम्पिंग स्टेशन
एलडीए के मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-4 में जी-20 रोड के निकट फ्लड पम्पिंग स्टेशन स्थापित किया गया है। इसकी क्षमता 400 किलोलीटर
बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से क्षेत्रवासियों को मिलेगी बड़ी राहत
गोमती नगर विस्तार में फ्लड पम्पिंग स्टेशन बनकर तैयार हो गया है। 400 के0एल0 क्षमता के इस पम्पिंग स्टेशन से बरसात में जलभराव की समस्या से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शनिवार को पम्पिंग स्टेशन का निरीक्षण करके मशीनों की टेस्टिंग कराने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी तैयार पूरी रखें, जिससे कि बरसात में पम्पिंग स्टेशन का संचालन प्रभावी रूप से किया जा सके।
एलडीए के मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-4 में जी-20 रोड के निकट फ्लड पम्पिंग स्टेशन स्थापित किया गया है। इसकी क्षमता 400 किलोलीटर है और इसे बनाने में 7.5 करोड़ रूपये की लागत आयी है। उन्होंने बताया कि स्टेशन में कुल 06 पम्प लगाये गये हैं। प्रत्येक पम्प 60 एच0पी0 का है और एक पम्प प्रति मिनट 13,000 लीटर पानी निकालेगा। पम्पिंग स्टेशन चालू होने से सेक्टर-4 व समीपवर्ती इलाकों में बरसात में होने वाले जलभराव की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। पम्पिंग स्टेशन के माध्यम से बरसात का पानी गोमती नदी में प्रवाहित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त एलडीए ने जनेश्वर मिश्र पार्क, कैटिल कालोनी गऊ घाट व बसंतकुंज योजना में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास भी 400 के0एल0 क्षमता के 03 फ्लड पम्पिंग स्टेशन निर्मित किये हैं।
रघुकुल पार्क के ठेकेदार पर जुर्माना
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-1 में स्थित सेंट्रल पार्क का निरीक्षण किया। यहां स्थापित ओपन जिम के उपकरणों की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं पायी गयी, जिस पर उपाध्यक्ष ने सम्बंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए 15 दिन के अंदर नये उपकरण लगाने के निर्देश दिये। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-4 स्थित रघुकुल पार्क का निरीक्षण किया। पार्क में हॉर्टीकल्चर का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके अलावा झूले भी क्षतिग्रस्त थे, जिस पर उपाध्यक्ष ने ठेकेदार पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिये हैं।
गोमती नगर की लाइब्रेरी होगी अपग्रेड
गोमती नगर के विपुल खण्ड-3 में निर्मित लाइब्रेरी को एलडीए अपग्रेड करेगा। वर्तमान में लाइब्रेरी का संचालन भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद द्वारा किया जा रहा है। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने लाइब्रेरी का निरीक्षण करके सुविधाओं को उच्चीकृत करने के निर्देश दिये। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, अधिशासी अभियंता मनीष कुलश्रेष्ठ एवं मनोज सागर समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।
Also Click : Lucknow : माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 की तैयारियों की समीक्षा
What's Your Reaction?











