Hardoi: हरदोई में बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी सीबीआई के हत्थे चढ़े, लोन दिलाने के नाम पर 50 हजार रिश्वत मांगने का आरोप।

हरदोई में बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी रोजगार योजना में कथित रिश्वतखोरी के आरोप

Mar 12, 2026 - 10:28
81 Views
Hardoi: हरदोई में बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी सीबीआई के हत्थे चढ़े, लोन दिलाने के नाम पर 50 हजार रिश्वत मांगने का आरोप।
हरदोई में बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी रिश्वतखोरी में गिरफ्तार, सीबीआई की कार्रवाई से मचा राजनीतिक हड़कंप। 

हरदोई में बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी रोजगार योजना में कथित रिश्वतखोरी के आरोप में सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया। कछौना कस्बे के रामनगर रेलवे गंज मोहल्ले निवासी सुरेश चौधरी कस्बे में बैंक ऑफ बड़ौदा का बीसी केंद्र संचालित करते हैं। बताया गया कि मंगलवार शाम वह कासिमपुर थाना क्षेत्र के मुसलमानाबाद सपहिया गांव में बसपा कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक कर रहे थे। इसी दौरान लखनऊ से पहुंची सीबीआई की टीम ने अचानक छापा मारते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं में हड़कंप मच गया।

हिरासत में लेने के बाद सीबीआई की टीम सुरेश चौधरी को कछौना रेलवे स्टेशन के रेलवे गार्ड रूम में लेकर पहुंची, जहां शाम करीब 5:30 बजे से रात लगभग 12:15 बजे तक उनसे गहन पूछताछ की गई। इस दौरान टीम ने उनके पास मौजूद दस्तावेजों को भी खंगाला और कई महत्वपूर्ण कागजात अपने कब्जे में लिए। सूत्रों के अनुसार बघौली थाना क्षेत्र के अक्षरामऊ गांव निवासी सीमा नाम की युवती ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी रोजगार योजना के तहत 5 लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि सुरेश चौधरी ने लोन दिलाने के नाम पर उससे 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। युवती ने इसकी शिकायत सीबीआई से कर दी, जिसके बाद पूरी योजना बनाकर टीम हरदोई पहुंची और कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया।

हालांकि सुरेश चौधरी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए खुद को साजिश के तहत फंसाए जाने की बात कही है। वहीं सीबीआई अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुट गई है कि क्या केवल इसी युवती से रिश्वत मांगी गई थी या फिर योजना के अन्य लाभार्थियों से भी वसूली का खेल चल रहा था। देर रात सीबीआई की टीम सुरेश चौधरी को अपने साथ लखनऊ लेकर चली गई। बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में जबरदस्त हलचल और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Also Read- Hardoi: अवैध तमंचा और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow