Hardoi News: गंगा संरक्षण की बड़ी पहल- नदी में छोड़ी गईं एक लाख मत्स्य अंगुलिकाएं
राजघाट पर विधायक आशीष सिंह ‘आसू’ की मौजूदगी में हुआ रिवर रैंचिंग कार्यक्रम, गंगा स्वच्छता और प्रतिबंधित जालों के उपयोग पर दिलाई गई शपथ
Hardoi: जनपद में गंगा नदी की पारिस्थितिकी एवं मत्स्य संपदा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुक्रवार, 26 सितंबर 2026 को राजघाट स्थित गंगा नदी में एक लाख मत्स्य अंगुलिकाओं (फिश फिंगरलिंग्स) का संचय किया गया। रिवर रैंचिंग कार्यक्रम का आयोजन सहायक निदेशक मत्स्य डॉ. मुनीश कुमार के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक आशीष सिंह ‘आसू’ एवं निषाद पार्टी अध्यक्ष मनोज निषाद की उपस्थिति रही। विधायक ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मत्स्य अंगुलिकाओं को गंगा की अविरल धारा में प्रवाहित किया। इस अवसर पर विधायक आशीष सिंह ने कहा कि गंगा नदी केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आजीविका और जलीय पारिस्थितिकी का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि मत्स्य अंगुलिकाओं के संचय से गंगा की जैव विविधता को मजबूती मिलने के साथ ही भविष्य में स्थानीय मछुआरा समुदाय के लिए मत्स्य उत्पादन एवं आजीविका के अवसर बढ़ सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान गंगा नदी के संरक्षण और स्वच्छता को लेकर नागरिकों को जागरूक किया गया। साथ ही गंगा को स्वच्छ रखने तथा प्रतिबंधित जालों का उपयोग न करने की शपथ भी दिलाई गई। मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रिवर रैंचिंग का उद्देश्य नदी में मत्स्य संसाधनों को बढ़ावा देना और जलीय पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, मत्स्य विभाग के अधिकारी, नाविक, मछुआरा समुदाय के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?