हरदोई में खाद संकट और स्थानीय मुद्दों पर गोमती नदी में जल सत्याग्रह का ऐलान, भाकियू राजू गुप्ता का बड़ा प्रदर्शन
हरदोई के भरावन स्थित गोमती पुल पर खाद संकट और जनसमस्याओं को लेकर किसानों ने पंचायत बुलाई। इसके बाद गोमती नदी में उतरकर जल सत्याग्रह की चेतावनी दी।
रिपोर्ट : मुकेश सिंह सोमवंशी
खाद संकट और जनसमस्याओं को लेकर गोमती नदी में जल सत्याग्रह करेगा किसान संगठन, प्रशासन को दिया अल्टीमेटम
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में खाद की किल्लत और विभिन्न सरकारी विभागों की लापरवाही से परेशान किसानों ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। भारतीय किसान यूनियन (राजू गुप्ता संगठन) ने क्षेत्र में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर बड़े आंदोलन की घोषणा की है। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश चंद्र वर्मा के नेतृत्व में भरावन ब्लॉक स्थित ग्राम डालखेड़ा के पास गोमती पुल पर विशाल किसान महापंचायत बुलाई गई है। महापंचायत के बाद बड़ी संख्या में किसान गोमती नदी के जल में उतरकर सत्याग्रह आंदोलन करेंगे।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के किसान समय पर यूरिया और डीएपी खाद न मिलने से भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं, जिससे फसलों की बुआई और सिंचाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा बिजली, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य, राजस्व, पंचायती राज और नहर विभाग से संबंधित जनसमस्याएं लंबे समय से अधर में लटकी हुई हैं। बार-बार ध्यान आकृष्ट कराने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं होने पर संगठन को यह कड़ा कदम उठाने के लिए बाध्य होना पड़ा है।
किसान नेताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों से अपील की है कि वे समय पर गोमती पुल पहुंचकर किसानों का मांग पत्र प्राप्त करें और समस्याओं के त्वरित निस्तारण का ठोस भरोसा दें। इसके साथ ही चेताया गया है कि आंदोलन के दौरान यदि कोई अनहोनी या अप्रिय परिस्थिति बनती है तो उसकी पूरी जवाबदेही स्थानीय प्रशासन और शासन की होगी। संगठन ने क्षेत्र के सभी अन्नदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में गोमती पुल पहुंचकर इस संघर्ष को सफल बनाने का आह्वान किया है।
What's Your Reaction?




